नई दिल्ली। दिल्ली से सैन फ्रांसिस्को जा रही एअर इंडिया की फ्लाइट को मंगलवार (6 जून) को इंजन में खराबी के कारण रूस के मगदान की ओर डायवर्ट किया गया। एअर इंडिया के अधिकारी ने कहा कि फ्लाइट की रूस में इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई है। फ्लाइट में सवार सभी 216 यात्री और चालक दल के 16 सदस्य सुरक्षित हैं। एअर इंडिया के प्रवक्ता ने बताया कि दिल्ली से सैन फ्रांसिस्को जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट ्रढ्ढ173 के एक इंजन में तकनीकी खराबी आ गई। 216 यात्रियों और 16 चालक दल के साथ उड़ान को डायवर्ट किया गया और रूस के मगदान हवाई अड्डे पर सुरक्षित रूप से उतारा गया। उन्होंने कहा कि यात्रियों को सभी सहायता प्रदान की जा रही है और जल्द से जल्द उनके गंतव्य तक पहुंचने के लिए वैकल्पिक विकल्प प्रदान किए जाएंगे। विमान की ग्राउंड पर अनिवार्य जांच चल रही है। हाल ही में फ्लाइट्स में खराबी के मामलों में काफी बढ़ोतरी हुई है।