जोधपुर में तेज बारिश में बाइक संग युवक बहा; महाराष्ट्र-गुजरात में बारिश का अलर्ट
नई दिल्ली
उत्तरकाशी और करगिल में देर रात बादल फटा है। यमुनोत्री हाईवे पर लैंडस्लाइड हो गया। कई गाड़ियां दब गईं। वहीं स्कूलों में भी मलबा जमा हो गया। बच्चों को सुरक्षित निकाल लिया गया। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में देहरादून, उत्तरकाशी, टिहरी, पौडी और नैनीताल में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। SDRF और फायर ब्रिगेड की टीम तैनात की गई हैं। उधर राजस्थान के जोधपुर और बीकानेर में भारी बारिश हुई है। जोधपुर की एक गली में पानी के तेज बहाव में बाइक, स्कूटी और सवार बह गए। यहां 2 घंटे में 66.8 एमएम बारिश हुई।
महाराष्ट्र के पालघर, मुंबई, ठाणे, रायगढ़ और रत्नागिरी में बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। रायगढ़ के इर्शालवाडी में लैंडस्लाइड से मरने वालों की संख्या 22 हाे गई है, वहीं 86 लोग लापता हैं। दिल्ली में एक बार फिर यमुना का जलस्तर खतरे के निशान को पार कर गया। हिमाचल में भी 22 जुलाई तक भारी बारिश का अनुमान है। ओडिशा के 15 जिलों में अगले 24 घंटे भारी बारिश का अलर्ट है।
अगले 24 घंटे कैसे रहेंगे
इन राज्यों में तेज बारिश होगी: छत्तीसगढ़, राजस्थान, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, गुजरात, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तराखंड, सिक्किम, पश्चिम बंगाल, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, ओडिशा, गोवा, कर्नाटक, तेलंगाना, केरल।
इन राज्यों में हल्की बारिश होगी: तमिलनाडु, झारखंड, अरुणाचल प्रदेश में बिजली चमकने के साथ हल्की बारिश हो सकती है।