- हिमाचल को बारिश से 8000 करोड़ का नुकसान; तेलंगाना में बाढ़ का जायजा लेगी केंद्रीय टीम
नई दिल्ली। देश के 14 राज्यों में अगले 24 घंटों में भारी बारिश होने का अनुमान है। इनमें राजस्थान, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश आदि राज्य शामिल हैं।इस साल हिमाचल प्रदेश को बारिश से 8000 करोड़ रुपए का नुकसान हो चुका है। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि पिछले 75 सालों में राज्य में आई ये सबसे बड़ी तबाही है।राज्य में 702 घर पूरी तरह से टूट गए, वहीं 7161 घर आंशिक रूप से टूटे हैं। बारिश और बाढ़ में 241 दुकानें बह गईं। तीन नेशनल हाईवे समेत 650 से अधिक सड़कें बंद हैं। प्रदेश में अगले 6 दिन बारिश होने का अलर्ट है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला की मानें तो प्रदेश में 5 अगस्त तक कई इलाकों में बारिश होने का दौर जारी रहेगा। 2 और 3 अगस्त के लिए कुछ इलाकों में बारिश होने का यलो अलर्ट जरूर दिया गया है, लेकिन इस अवधि में मानसून थोड़ा कमजोर पड़ेगा।केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी ने बताया है कि केंद्रीय टीम तेलंगाना में बाढ़ से हुए नुकसान का जायजा लेने के लिए जाएगी। उन्होंने क्चक्रस् सरकार पर फंड खर्च नहीं करने का भी आरोप लगाया है।राजस्थान में पिछले कुछ दिनों से लगातार हो रही तेज बारिश का दौर अब धीमा होगा। पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर संभाग में 2 अगस्त तक मौसम शुष्क बना रह सकता है। अधिकांश जगह मौसम साफ रहने के साथ धूप निकलने और उमस पड़ सकती है। वहीं, उत्तरी राजस्थान और दक्षिण-पूर्वी राजस्थान में बारिश हो सकती है।मध्यप्रदेश के दक्षिण-पूर्वी हिस्से में अगले 24 घंटे के दौरान भी बारिश की एक्टिविटी रहेगी। छत्तीसगढ़ में मानसून पूरी तरह सक्रिय है। प्रदेश के ज्यादातर जगहों में आज भी बारिश हो सकती है।