हत्या के मामले में गिरफ्तारी नहीं करने और पुलिस का रास्ता रोकने का आरोप
इंफाल। मणिपुर पुलिस ने केंद्रीय अर्धसैनिक बल असम राइफल्स के जवानों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। आरोप है कि असम राइफल्स के जवानों ने राज्य पुलिस को बिष्णुपुर जिले में तीन लोगों की हत्या में शामिल लोगों को गिरफ्तार करने से रोका। जवानों के खिलाफ एफआईआर 5 अगस्त को दर्ज की गई लेकिन पुलिस ने इसकी जानकारी आज यानी 8 अगस्त को दी।आज ही असम राइफल्स को हिंसा प्रभावित मणिपुर के विष्णुपुर जिले से हटाया गया है। असम राइफल्स केंद्रीय गृह मंत्रालय के अधीन आता है और सेना के ऑपरेशनल कंट्रोल में है। एफआईआर बिष्णुपुर जिले के फौगाकचाओ इखाई पुलिस थाने में दर्ज कराई गई है। इसके अनुसार बिष्णुपुर के फोलजंग रोड के किनारे चक्टा वार्ड 8 में स्थित कुतुब वाली मस्जिद पहुंचने पर राज्य पुलिस की टीमों को रोक दिया गया। असम राइफल्स के 9 जवानों ने अपने कैस्पर वाहन को चक्टा फोलजांग रोड के बीच में पार्क कर पुलिस का रास्ता रोका।
उन्होंने पुलिस के काम में बाधा डाली।इसी दिन मणिपुर पुलिस और असम राइफल्स के जवानों के बीच बहस का वीडियो वायरल हुआ था। वीडियो में मणिपुर पुलिस के कमांडो असम राइफल्स के जवानों पर उनके ऑपरेशन में दखल देने का आरोप लगा रहे हैं।