सोमनाथ
गुजरात में सावन माह के दूसरे सोमवार को सोमनाथ ज्योतिर्लिंग में भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा। गुजरात में सावन का दूसरा सोमवार इसलिए है, क्योंकि यहां अमावस्या तिथियों के हिसाब से गणना होती है। इसलिए गुजरात और महाराष्ट्र में में उत्तर भारत के पंचांग से 15 दिनों का अंतर होता है। महाराष्ट्र, गुजरात और दक्षिण भारत के पारंपरिक पंचांग में सावन मास को साल का 10वां महीना माना जाता है। दरअसल अमावस्या की गणना के हिसाब से कार्तिक मास से नववर्ष का आरंभ होता है और उत्तर भारत में चैत्र मास से नववर्ष का आरंभ होता है। वहीं उत्तर भारत में सावन मास को पांचवा महीना माना जाता है। यहां सावन के महीनों में भगवान शिव और माता लक्ष्मी की पूजा की जाती है। उत्तर और मध्य भारत में सावन का आज आखिरी दिन है, लेकिन गुजरात, महाराष्ट्र और दक्षिण भारत में आज सावन का दूसरा सोमवार है। मध्य भारत और उत्तर भारत में पूर्णिमा को माह का अंत होता है और इसके बाद अगले दिन से नया माह शुरू होता है। इसे पूर्णिमांत कहा जाता है। जबकि, महाराष्ट्र, गुजरात और दक्षिण में अमांत माह का प्रचलन है। पूर्णिमांत और अमांत पंचांग में 15 दिनों यानी एक पक्ष का अंतर है।