इंफोल। मणिपुर के बिष्णुपुर जिले में बुधवार (6 सितंबर) को कर्फ्यू के बावजूद हजारों मैतेई प्रदर्शनकारियों ने मार्च निकाला। प्रदर्शनकारियों ने फौगाकचाओ इखाई में टिडिमरोड (इम्फाल-चुराचांदपुर रोड) पर सेना की ओर से लगाए गए बैरिकेड्स को हटा दिया। इसके बाद क्वाक्टा में पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हुई।भीड़ को कंट्रोल करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े और फायरिंग भी की। इससे 25 लोग घायल हो गए, जिनमें ज्यादातर महिलाएं थीं। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।पुलिस की फायरिंग के बावजूद प्रदर्शनकारी बैरिकेड्स की ओर बढ़ते रहे। राज्य सरकार ने पांच जिलों, इंफाल पश्चिम, इम्फाल पूर्व, बिष्णुपुर, थौबल और काकचिंग में मंगलवार (5 सितंबर) शाम 6 बजे से अनिश्चितकाल के लिए कर्फ्यू लगाया है।