प्रधानमंत्री सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे : बिरला,सम्मलेन का मुख्य विषय ‘एक पृथ्वी, एक परिवार, एक भविष्य के लिए संसद’
सम्मलेन में जी-20 देशों के अलावा 10 अन्य देश और अंतराष्ट्रीय संगठन सहित पैन अफ्रीकी संसद के अध्यक्ष भाग लेंगे
नई दिल्ली (वीएन झा)। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने आज संसद भवन परिसर में 9वें जी20 संसदीय अध्यक्षों का सम्मेलन (पी-20) के विषय में आयोजित प्रेस वार्ता को सम्बोधित किया। इस अवसर पर बिरला ने सूचित किया कि 9 वां पी 20 सम्मलेन 13 से 14 अक्टूबर 2023 को नवनिर्मित इंडिया इंटरनेशनल कन्वेंशन एंड एक्सपो सेंटर, यशोभूमि, द्वारका, नई दिल्ली, में आयोजित किया जाएगा। भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 13 अक्टूबर 2023 को सम्मेलन का उद्ïघाटन करेंगे। उन्होंने आगे कहा कि सम्मलेन में जी-20 देशों के अलावा 10 अन्य देश और अंतराष्ट्रीय संगठन भाग लेंगे और अब तक, 26 अध्यक्षों, 10 उपाध्यक्षों, 01 समिति अध्यक्ष और आईपी अध्यक्ष समेत 50 संसद सदस्यों और 14 महासचिवों ने इस सम्मेलन में भागीदारी की पुष्टि की है। बिरला ने बताया कि पैन अफ्रीकी संसद के अध्यक्ष पहली बार भारत में पी-20 कार्यक्रम में भाग लेंगे। ‘वसुधैव कुटुंबकम- एक पृथ्वी, एक परिवार, एक भविष्य’ की भावना के साथ, भारत का लक्ष्य अधिक समावेशी, शांतिपूर्ण और न्यायसंगत विश्व की दिशा में जटिल वैश्विक मुद्दों का सर्वसम्मति (consensus) पर आधारित समाधान प्रदान करना है, बिरला ने कहा। बिरला ने यह भी बताया कि पी-20 शिखर सम्मेलन के दौरान चार उच्च स्तरीय सत्रों का आयोजन किया जाएगा, जो निम्नलिखित हैं एसडीजी के लिए एजेंडा 2030 : उपलब्धियों का प्रदर्शन, प्रगति में तेजी लाना, सतत ऊर्जा परिवर्तन: हरित भविष्य के प्रवेश द्वार, लैंगिक समानता को मुख्यधारा में लाना: महिला सशक्तिकरण एवं महिलाओं के नेतृत्व में विकास; और सार्वजनिक डिजिटल प्लेटफार्मों के माध्यम से लोगों के जीवन में परिवर्तन। इन सत्रों में जी-20 सदस्यों और अतिथि देशों को साथ लाकर ‘संसद किस प्रकार पी-20 के उद्देश्यों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ा सकती है’ विषय पर व्यापक विचार-विमर्श होगा। बिरला ने सूचना दी कि शिखर सम्मेलन का समापन संयुक्त वक्तव्य के साथ होगा, जिसमें जी-20 सरकारों से समानता, समावेशिता और शांति के आधार पर प्रमुख वैश्विक चुनौतियों का समाधान देने का आग्रह किया जाएगा।