चेन्नई
श्रीलंकाई नौसेना के जहाज से टकराने के बाद भारतीय मछुआरों की एक नाव पलट गई। इस हादसे में एक मछुआरे की मौतत हो गई और एक अन्य लापता है। दरअसल, श्रीलंकाई नौसेना द्वारा भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार करने की कोशिश के दौरान उनकी नाव पलट गई। नाव पर चार मछुआरे मौजूद थे, जिनमें से एक की मौत हो गई, एक लापता है और बाकी के दो श्रीलंकाई नौसेना की हिरासत में हैं। हादसे के बाद दिल्ली में श्रीलंका के कार्यवाहक उच्चायुक्त को आज सुबह विदेश मंत्रालय बुलाया गया। इस घटना को लेकर विदेश मंत्रालय ने कड़ा विरोध दर्ज किया। विदेश मंत्रालय ने कहा, “हमने जान गंवाने वाले के लिए दुख और सदभावना व्यक्त की। कोलंबो में हमारे उच्चायुक्त भी इस मामले को श्रीलंकाई सरकार के सामने उठा रहे हैं।” इस घटना पर विदेश मंत्रालय ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने बताया कि यह घटना सुबह के पांच बजे कच्चातिवु द्वीप के पास घटी। दो मछुआरों को बचाकर कांकेसंतुरई तट पर लाया गया है। फिलहाल लापता मछुआरे की तलाश जारी है। जाफना में भारतीय वाणिज्य दूतावास के अधिकारियों को तुरंत कांकेसंतुरई पहुंचने, मछुआरों और उनके परिवारवालों को हर संभव मदद पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं।