गुवाहाटी। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने एलान किया है कि 7 दिसंबर को राज्य में मंत्रिमंडल विस्तार होगा। उन्होंने बताया कि दोपहर 12 बजे नए मंत्रियों का शपथग्रहण होगा। सरमा ने नए मंत्रियों के नाम का भी एलान किया। इनमें विधायक प्रशांत फूकन, कौशिक राय, कृष्णेन्दु राय और रूपेश गोआवा का नाम शामिल है। सीएम ने इन सभी विधायकों को शुभकामनाएं भी दीं। इस विस्तार से कैबिनेट में मंत्रियों की संख्या बढ़कर 20 हो जाएगी।
सुधरने लगी दिल्ली-एनसीआर की आबोहवा, सुप्रीम कोर्ट ने दी ग्रैप-4 में छूट की अनुमति
नई दिल्ली। पिछले कई महीने से खतरनाक स्तर पर चल रही दिल्ली एनसीआर की आबोहवा सुधरने लगी है। इसके चलते सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली में लागू किए गए ग्रैप 4 के कुछ प्रतिबंधों में छूट की अनुमति दी है। सुप्रीम कोर्ट ने वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) से कहा कि वह ग्रैप 2 से नीचे प्रतिबंधों में ढील न दे। साथ ही ग्रैप 3 में कुछ उपायों को जोड़ने पर भी विचार करे। राजधानी में हवा की दिशा बदलने और गति तेज होने से वायु गुणवत्ता मध्यम श्रेणी में पहुंच गई है। लोगों ने लंबे समय बाद इस श्रेणी की हवा में सांस ली है। इससे आसमान भी बिल्कुल साफ रहा। जिससे लोगों को प्रदूषित हवा से लगभग दो महीने बाद राहत मिली है।
हैदराबाद में फिल्म पुष्पा-2 की स्क्रीनिंग के दौरान भगदड़:1 महिला की मौत, 3 घायल
हैदराबाद। हैदराबाद में अल्लू अर्जुन की फिल्म ‘पुष्पा 2’ की स्क्रीनिंग के दौरान भगदड़ मच गई। इसमें 1 महिला की मौत हो गई और 3 लोग घायल हो गए।पुलिस ने बताया कि बुधवार रात को संध्या थिएटर में फिल्म की स्क्रीनिंग के लिए अल्लू अर्जुन आए थे। थिएटर के बाहर आरटीसी एक्स रोड पर इकट्ठा हुए फैंस अल्लू अर्जुन से मिलना चाहते थे।इसी दौरान अचानक भगदड़ मच गई। धक्का-मुक्की के कारण कई लोग एक-दूसरे पर गिर गए। कुछ लोग घायल भी हुए। स्थिति को कंट्रोल में लाने के लिए पुलिस ने हल्का लाठीचार्ज किया।भीड़ कम होने के बाद पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती किया। डॉक्टर ने 1 महिला को मृत घोषित कर दिया। फिलहाल मृतक महिला की पहचान नहीं हो पाई है। 3 लोगों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।घटना के कई वीडियो भी सामने आए हैं। इसमें अल्लू अर्जुन के फैंस को बेहोशी के हालात में देखा गया। पुलिस ने उन्हें होश में लाने की कोशिश की।
gujaratvaibhav.com