नई दिल्ली। श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके भारत के दौरे पर हैं। राजकीय यात्रा के दूसरे दिन सोमवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रपति भवन में दिसानायके का स्वागत किया। इस मौके पर दोनों देशों ने समझौता ज्ञापनों का आदान-प्रदान किया। विदेश मंत्रालय ने कहा, ‘भारत-श्रीलंका साझेदारी में एक नया मील का पत्थर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके के नेतृत्व में भारत और श्रीलंका के प्रतिनिधिमंडलों के बीच व्यापक विचार-विमर्श हुआ। दोनों पक्षों ने व्यापक भारत-श्रीलंका साझेदारी की समीक्षा की और दोनों देशों के साथ-साथ क्षेत्र के पारस्परिक लाभ के लिए संबंधों को गहरा करने के रोडमैप पर सहमति व्यक्त की।’ इसके बाद, पीएम मोदी और दिसानायके ने एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान श्रीलंकाई राष्ट्रपति ने कहा, ‘भारत ने सार्वजनिक सेवाओं को डिजिटल बनाने में जबरदस्त सफलता हासिल की है। श्रीलंका भी उसी मार्ग पर चल रहा है। पीएम मोदी ने मुझे इस कोशिश में समर्थन देने का आश्वासन दिया है।’ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, ‘मैं राष्ट्रपति दिसानायके का भारत में स्वागत करता हूं। हमें खुशी है कि राष्ट्रपति के रूप में आपने अपनी पहली विदेश राजकीय यात्रा के लिए भारत को चुना है। आज की यात्रा से हमारे संबंधों में नई गति और ऊर्जा का संचार हो रहा है। हमारी साझेदारी के लिए हमने एक भविष्योन्मुखी दृष्टि अपनाई है। हमारे आर्थिक सहयोग में, हमने निवेश-आधारित विकास और कनेक्टिविटी पर बल दिया है। हमने तय किया है कि भौतिक, डिजिटल और ऊर्जा कनेक्टिविटी हमारी साझेदारी के महत्वपूर्ण स्तंभ होंगे। बिजली ग्रिड कनेक्टिविटी और मल्टी पेट्रोलियम पाइपलाइन के लिए काम किया जाएगा।’उन्होंने कहा, ‘जब पाली भाषा को भारत में शास्त्रीय भाषा का दर्जा दिया गया था, तो इसे श्रीलंका में भी मनाया गया था। फेरी सेवा और चेन्नई-जाफना उड़ान संपर्क ने पर्यटन को बढ़ावा दिया है और हमारे सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत किया है। हमने फैसला किया है कि नागपट्टिनम और कांकेसंथुरई फेरी सेवाओं की सफल शुरुआत के बाद अब भारत में रामेश्वरम से तलाईमन्नार के बीच फेरी सेवा शुरू की जाएगी।’ मोदी ने कहा, ‘हम पूरी तरह से सहमत हैं कि हमारे सुरक्षा हित आपस में जुड़े हुए हैं। हमने रक्षा सहयोग समझौते को जल्द ही अंतिम रूप देने का निर्णय लिया है। हाइड्रोग्राफी पर भी सहयोग पर सहमति हुई है। हम मानते हैं कि कोलंबो सुरक्षा सम्मेलन क्षेत्रीय शांति, सुरक्षा और विकास के लिए एक अहम मंच है। इसके तहत समुद्री सुरक्षा, आतंकवाद का मुकाबला, साइबर सुरक्षा, तस्करी और संगठित अपराध के खिलाफ लड़ाई, मानवीय सहायता और आपदा राहत जैसे विषयों पर सहयोग बढ़ाया जाएगा। भारत और श्रीलंका के लोगों के बीच आपसी संबंध हमारी सभ्यताओं से जुड़े हुए हैं।’ श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके ने कहा, ‘श्रीलंका का राष्ट्रपति बनने के बाद यह मेरी विदेश यात्रा है। मुझे बहुत खुशी है कि मैं अपनी पहली राजकीय यात्रा पर दिल्ली आ सका। मुझे निमंत्रण देने के लिए और गर्मजोशी से स्वागत करने के लिए मैं भारत को धन्यवाद देना चाहता हूं। मैं पीएम मोदी और राष्ट्रपति मुर्मू को धन्यवाद देना चाहता हूं। इस यात्रा ने दोनों देशों के बीच सहयोग को और विकसित करने का मार्ग प्रशस्त किया।’उन्होंने कहा, ‘हम मछुआरों के मुद्दे का एक स्थायी समाधान खोजना चाहते हैं, जो हमारे दोनों देशों के लिए एक परेशानी का मुद्दा है। उस क्षेत्र में मछुआरों द्वारा बॉटम ट्रॉलिंग सिस्टम अपनाया जा रहा है और इसे समाप्त करने की आवश्यकता है क्योंकि यह इस उद्योग के लिए खतरनाक होगा।’