- आरोपी ने कपड़ों में लगाई आग, 8 घंटे बाद गिरफ्तार
न्यूयॉर्क
अमेरिका के न्यूयॉर्क शहर में रविवार को एक महिला की मेट्रो में आग लगाकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने हत्या के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। न्यूयॉर्क पुलिस के मुताबिक आरोपी सुबह करीब 7:30 बजे मेट्रो में महिला के पास पहुंचा और स्टेशन पर उतरने से पहले मेट्रो में आग लगा दी। आग में जलने की वजह से महिला की मौत हो गई।न्यूयॉर्क पुलिस की कमिश्नर जेसिका टिश ने बताया कि आरोपी ने लाइटर से महिला के एक सफेद कपड़े में आग लगाई थी। आग लगने की वजह से कपड़ा चंद सेकंड में ही जलकर खाक हो गया। इसके बाद आग महिला के दूसरे कपड़़ो में फैल गई।पीड़ित महिला की अभी पहचान नहीं हो पाई है। आग लगाने के बाद आरोपी मेट्रो से उतरकर स्टेशन पर जाकर बैठ गया। प्लेटफॉर्म पर बैठे-बैठे वह महिला को जलते हुए देख रहा था। टिश ने बताया कि मेट्रो स्टेशन पर गश्त कर रहे पुलिस अधिकारियों को ट्रेन से धुआं दिखाई दिया और बदबू आई। इसके बाद वे मौके पहुंचे और पाया कि पीड़िता में आग लगी हुई थी। इसके बाद अधिकारियों ने आग को बुझाया।मौके पर पहुंचे आपातकालीन सेवा के कर्मचारियों ने जांच के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शुरुआती बयान में बताया कि महिला घटना के समय सो रही थी। आग लगाने से पहले आरोपी और महिला के बीच कोई बातचीत भी नहीं हुई थी। पुलिस के मुताबिक दोनों एक दूसरे को नहीं जानते थे।आरोपी ने महिला के कंबल में आग लगाई थी। ये आग तब तक फैलती रही जब तक महिला आग की लपटों से घिरकर खड़ी नहीं हो गई।