लोकसभा चुनाव में AAP के साथ गठबंधन हमारी भूल थी
नई दिल्ली। कांग्रेस नेता अजय माकन ने बुधवार को दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल को देश का फ्रॉड किंग यानी सबसे बड़ा धोखेबाज बताया। माकन ने कहा कि अगर केजरीवाल को एक शब्द में परिभाषित करना हो, तो वो शब्द ‘फर्जीवाल’ होगा।दिल्ली कांग्रेस की तरफ से आम आदमी पार्टी और भाजपा के खिलाफ 12 पॉइंट का व्हाइट पेपर रिलीज के समय माकन ने यह बात कही। इस व्हाइट पेपर का टाइटल ‘मौका मौका, हर बार धोखा’ रखा गया है।माकन ने यह भी कहा कि लोकसभा चुनाव के लिए AAP के साथ गठबंधन में आना कांग्रेस की भूल थी, जिसे अब सुधारा जाना चाहिए। हालांकि उन्होंने यह भी साफ किया कि यह उनकी निजी राय है। माकन ने कहा कि जिस जनलोकपाल आंदोलन की लहर पर सवार होकर अरविंद केजरीवाल की पार्टी सत्ता में आई, उसे केजरीवाल अब तक लागू नहीं कर पाए हैं।उन्होंने कहा कि अगर दिल्ली में LG आपको जनलोकपाल लागू नहीं करने दे रहे हैं, तो पंजाब में इसे लागू न करने का क्या कारण है? वहां आपको कौन रोक रहा है? वहां तो पूरी सरकार ही आपकी है। ये सिर्फ एक बहाना है। 10 साल पहले जनलोकपाल लागू करने के नाम पर आपने सरकार बनाई थी, लेकिन अब आप इसे भूल गए हैं।