राजकीय सम्मान के साथ किया गया अंतिम संस्कार, राहुल शव यात्रा में साथ आए, कंधा दिया; पीएम मोदी, सोनिया-प्रियंका मौजूद रहीं,अंतिम संस्कार में शामिल हुए भूटान के राजा
नई दिल्ली (वी.एन.झा)। पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का शनिवार को निगमबोध घाट पर राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। उनके पार्थिव शरीर को सेना की तोपगाड़ी पर दिल्ली के निगमबोध घाट लाया गया। यहां तीनों सेनाओं ने उन्हें सलामी दी। इसके बाद राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार की रस्में पूरी की गईं।मनमोहन की पत्नी गुरशरण कौर, बड़ी बेटी उपिंदर सिंह (65), दूसरी बेटी दमन सिंह (61) और तीसरी बेटी अमृत सिंह (58) निगमबोध घाट पर मौजूद थीं। परिवार ने प्रधानमंत्री मोदी से भी मुलाकात की। बेटी ने मुखाग्नि दी।निगमबोध घाट में सोनिया, प्रियंका, राहुल और कांग्रेस के बड़े नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। राष्ट्रपति मुर्मु, प्रधानमंत्री मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ भी उन्हें अंतिम विदाई देने पहुंचे।डॉ. मनमोहन सिंह की पार्थिव देह को सुबह 9:30 बजे उनके आवास से कांग्रेस मुख्यालय लाया गया था। इसके बाद अंतिम यात्रा शुरू हुई। राहुल गांधी पार्थिव देह के साथ गाड़ी में बैठे थे।पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का गुरुवार रात निधन हो गया था। वे 92 साल के थे। वे लंबे समय से बीमार थे। घर पर बेहोश होने के बाद उन्हें रात 8:06 बजे दिल्ली AIIMS लाया गया था। हॉस्पिटल बुलेटिन के मुताबिक, रात 9:51 बजे उन्होंने आखिरी सांस ली। भारत के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर पूरे भूटान में विशेष प्रार्थनाएं आयोजित की गई हैं। जानकारी के मुताबिक हिमालयी देश के सभी 20 जोंगखाग या जिलों में पूर्व भारतीय प्रधानमंत्री के लिए अलग-अलग प्रार्थना समारोह आयोजित किए गए। जबकि भूटान के राजा जिग्मे खेसर नामग्याल वांगचुक शनिवार को दिल्ली में पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के अंतिम संस्कार में शामिल हुए। इससे एक दिन पहले उन्होंने थिम्पू के एक बौद्ध मठ में पूर्व प्रधानमंत्री के लिए प्रार्थना की थी।
जेड प्लस सिक्योरिटी में रहेंगी मनमोहन सिंह की पत्नी गुरुशरण कौर
2019 में डॉ. मनमोहन सिंह का एसपीजी सिक्योरिटी कवर वापस ले लिया गया था। एसपीजी की जगह पर उन्हें जेड प्लस सुरक्षा मुहैया कराई गई। अब उनकी पत्नी गुरुशरण कौर को भी सीआरपीएफ जेड प्लस सुरक्षा मिलेगी। इस सुरक्षा घेरे में उनके पास बुलेटप्रूफ वाहन भी होगा। उनके आवास पर करीब चार दर्जन जवान मौजूद रहेंगे। डॉ. मनमोहन सिंह की एसपीजी सुरक्षा हटाकर जब उन्हें सीआरपीएफ की जेड प्लस सुरक्षा दी गई थी, तब उन्हें एसपीजी वाली हाई क्लास बुलेटप्रूफ बीएमडब्लू कार, जिसमें वे यात्रा करते थे, वही गाड़ी प्रदान कर दी गई थी। अब उनकी पत्नी गुरुशरण कौर के पास भी वही गाड़ी रहेगी।
केंद्र सरकार राष्ट्रीय राजधानी में पूर्व पीएम का स्मारक बनाएगी
पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के राष्ट्रीय राजधानी में स्मारक बनाने को लेकर कांग्रेस के आरोपों पर गृह मंत्रालय ने स्थिति साफ की है। गृह मंत्रालय ने इस बारे में जानकारी दी है कि केंद्र सरकार राष्ट्रीय राजधानी में पूर्व पीएम का स्मारक बनाएगी। इस बारे में गृह मंत्री अमित शाह ने कांग्रेस अध्यक्ष खरगे और मनमोहन सिंह के परिवार को सूचित किया है कि सरकार स्मारक के लिए जगह आवंटित करेगी। हालांकि इसमें कुछ वक्त लगेगा। गृहमंत्रालय ने कहा है कि स्मारक बनाने के लिए ट्रस्ट का गठन करना होगा और उसे जगह आवंटित करनी होगी। इससे पहले सरकारी सूत्रों ने कहा था कि कांग्रेस इस मुद्दे पर राजनीति कर रही है। सूत्रों ने बताया था कि सरकार ने मनमोहन सिंह का स्मारक बनाने का निर्णय लिया है और इस निर्णय के बारे में कांग्रेस को सूचित किया गया है। हालांकि, सरकार ने यह भी कहा कि स्मारक के लिए उचित स्थान चुनने में कुछ दिन लग सकते हैं।
‘केंद्र सरकार ने मनमोहन सिंह का अपमान किया : राहुल गांधी
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने एक्स पर पोस्ट कहा, “भारत माता के महान सपूत और सिख समुदाय के पहले प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार आज निगम बोध घाट पर करवाकर वर्तमान सरकार ने उनका सरासर अपमान किया गया है. एक दशक के लिए वह भारत के प्रधानमंत्री रहे, उनके दौर में देश आर्थिक महाशक्ति बना और उनकी नीतियां आज भी देश के गरीब और पिछड़े वर्गों का सहारा हैं.”कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा, “आज तक सभी पूर्व प्रधानमंत्रियों की गरिमा का आदर करते हुए उनके अंतिम संस्कार अधिकृत समाधि स्थलों में किए गए, ताकि हर व्यक्ति बिना किसी असुविधा के अंतिम दर्शन कर श्रद्धांजलि दे पाए. डॉ. मनमोहन सिंह हमारे सर्वोच्च सम्मान (भारत रत्न) और समाधि स्थल के हकदार हैं. सरकार को देश के इस महान पुत्र और उनकी गौरवशाली कौम के प्रति आदर दिखाना चाहिए था.”
पटेल से लेकर नरसिम्हा राव तक का किया अपमान, मनमोहन सिंह को भी नहीं छोड़ा : भाजपा
इन आरोपों पर बीजेपी सांसद और पार्टी प्रवक्ता संबित पात्रा ने पलटवार किया है. भाजपा नेता संबित पात्रा ने कांग्रेस निशाना साधते हुए कहा कांग्रेस ने सरदार पटेल से लेकर नरसिम्हा राव तक सबका अपमान किया. राहुल गांधी ने तो मनमोहन सिंह को भी नहीं छोड़ा. भाजपा मुख्यालय में प्रेस वार्ता के दौरान संबित पात्रा ने कहा, “एक पुण्य हुतात्मा के निधन पर जब पूरा राष्ट्र शोक मना रहा है, उस समय भी राहुल गांधी और गांधी परिवार अपनी राजनीति से बाज नहीं आ रहा है. यही कांग्रेस और गांधी परिवार की राजनीति है. कांग्रेस ने पूर्व प्रधानमंत्री नरसिम्हा राव का अपमान किया था. डॉ. मनमोहन सिंह का कद बहुत बड़ा है.