पोडगोरिका। यूरोपीय देश मोंटेनेग्रो में नए साल के मौके पर एक शख्स ने बार में फायरिंग कर अपने ही परिवार के सदस्यों समेत 12 लोगों की हत्या कर दी। मरने वालों में परिवार के अलावा बार के मालिक और उसके 2 बच्चे भी शामिल हैं। वहीं 4 लोग घायल भी हुए हैं।आरोपी हमलावर की पहचान 45 साल के आको मार्टिनोविक के रूप में हुई है, जो हमले के बाद मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने उसे पकड़ने के लिए इलाके की सभी सड़कों को बंद कर दिया और उसकी तलाश में जुट गई।हालांकि बाद में पता चला कि आरोपी हमलावर ने आत्महत्या कर ली है।मार्टिनोविक बार में अपने मेहमानों के साथ मौजूद था। स्थानीय पुलिस के मुताबिक घटना की शुरुआत बार में झड़प से हुई। झड़प के बाद वह घर गया और वहां से हथियार लेकर आया। इसके बाद उसने शाम 5:30 बजे (स्थानीय समयानुसार) गोलीबारी शुरू कर दी।बार में हुई फायरिंग में उसने 4 लोगों को मार दिया था। इनमें बार मालिक और उसके 2 बच्चे मारे गए। इसके बाद उसने अन्य 3 जगहों पर जाकर फायरिंग की, जिसमें अन्य लोग मारे गए। अमेरिकी राज्य न्यूयॉर्क के क्वीन्स शहर में बुधवार देर रात एक नाइट क्लब में गोलीबारी हुई है। इस गोलीबारी में लगभग 11 लोग घायल हुए हैं।हमलावर ने एक 12 साल की बच्ची और उसकी मां को ढाल के तौर पर इस्तेमाल करते हुए गोलीबारी की। बच्ची और मां दोनों गोलीबारी में घायल हुई हैं। फिलहाल उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है।घटना को लेकर फिलहाल न्यूयॉर्क पुलिस ने कोई जानकारी नहीं दी है। अभी आरोपी हमलावर से जुड़ी जानकारियां भी सामने नहीं आई है।जिस नाइट क्लब में गोलीबारी हुई है, उसका नाम एमाजूरा नाइट क्लब है। घटना स्थानीय समयानुसार रात 11:20 बजे हुई।अमेरिका में बीते 24 घंटों में गोलीबारी की ये दूसरी घटना है। इससे पहले लुइसियाना राज्य के न्यू ऑर्लियंस शहर में एक शख्स ने नए साल का जश्न मना रहे लोगों पर पिकअप ट्रक चढ़ा दिया था। इसमें 15 की मौत हो गई, जबकि दर्जनों लोग घायल हुए हैं।