केजरीवाल सरकार ने फैसलों पर LG की मंजूरी नहीं ली, लाइसेंस में गड़बड़ी; नेताओं को घूस
नई दिल्ली (वी.एन.झा)। दिल्ली की केजरीवाल सरकार ने विवादित आबकारी नीति बनाते समय नियम-कायदों को नजरअंदाज कर दिया, जिससे सरकारी खजाने को 2,026 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ। यह खुलासा शनिवार को सार्वजनिक हुई कैग (CAG) की रिपोर्ट में हुआ। आम आदमी पार्टी (आप) ने इस रिपोर्ट को फर्जी बताया है यह रिपोर्ट दिल्ली में 5 फरवरी को होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले आई है। इसमें बड़े घोटालों का खुलासा हुआ है, जैसे – कीमत तय करने में पारदर्शिता की कमी, लाइसेंस जारी और नवीनीकरण में नियमों का उल्लंघन, गड़बड़ियां करने वालों को दंडित न करना और उपराज्यपाल, कैबिनेट या विधानसभा से मंजूरी न लेना। लाइसेंस देने से पहले कंपनियों की वित्तीय स्थिति को जांचा नहीं गया। यहां तक कि घाटे में चल रही कंपनी को भी लाइसेंस दे दिया गया। रिपोर्ट के अनुसार, सरकार ने जो रिटेल शराब लाइसेंस छोड़े गए थे, उनके लिए फिर से टेंडर नहीं निकाला। इससे खजाने को लगभग 890 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ। इसके अलावा, जोनल लाइसेंसधारियों को दी गई छूट से 941 करोड़ रुपये का और नुकसान हुआ। वहीं कोविड प्रतिबंधों के आधार पर जोनल लाइसेंसधारकों को 144 करोड़ रुपये की लाइसेंस शुल्क छूट दी गई, जिसके परिणामस्वरूप सरकार को राजस्व की हानि हुई। जबकि अनुबंध में ऐसा प्रावधान नहीं था। सुरक्षा जमा राशि को सही तरीके से नहीं वसूला गया जिससे 27 करोड़ के राजस्व का नुकसान हुआ। कैग ने यह भी कहा कि मंत्रियों के समूह, जिसकी अगुवाई मनीष सिसोदिया कर रहे थे, ने एक्सपर्ट पैनल की सिफारिशों को नजरअंदाज किया। अयोग्य कंपनियों को लाइसेंस के लिए बोली लगाने की इजाजत दी। विशेषज्ञों की सलाह पर ध्यान नहीं दिया गया, जबकि नीति बनाने में यह जरूरी था। उल्लेखनीय है कि दिल्ली की 70 विधानसभा सीटों के लिए 5 फरवरी को मतदान होगा और 8 फरवरी को नतीजे घोषित किए जाएंगे। मौजूदा विधानसभा में आप के 62 और भाजपा के 8 विधायक हैं। अब कैग रिपोर्ट में हुए खुलासे के बाद दिल्ली का सियासी पारा चढ़ना तय है। बीजेपी ने इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया है और दिल्ली की आम आदमी पार्टी सरकार पर हमले तेज कर दिए हैं। अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया पर भ्रष्टाचार का आरोप लगा। दोनों जेल भी गए। CM और डिप्टी CM पद छोड़ना पड़ा। फिलहाल जमानत पर बाहर हैं।
केजरीवाल ने अन्ना जैसे संत का इस्तेमाल किया:अमित शाह
सत्ता में आकर भ्रष्टाचार के सारे रिकॉर्ड तोड़े; 5 फरवरी आप’दा से मुक्ति का दिन
दिल्ली में गृहमंत्री अमित शाह ने शनिवार को झुग्गी बस्ती प्रधान सम्मेलन में कहा कि दिल्ली के झुग्गीवासी झूठे वादे करने वाले अरविंद केजरीवाल को सबक सिखाने जा रहे हैं। 5 फरवरी दिल्ली का आप’दा से मुक्ति का दिन है। इस दिन दिल्ली को करप्शन से मुक्ति मिलेगी। AAP सरकार ने दिल्ली को नरक बनाने का काम किया है।जिन लोगों ने भ्रष्टाचार के खिलाफ आंदोलन किया। अन्ना जैसे संत पुरुष को आगे करके सत्ता में आए, उन्होंने इतना भ्रष्टाचार किया कि सारे रिकॉर्ड टूट गए। दिल्ली सरकार 10 साल से डिजास्टर बनी हुई है। पूरा देश कहां से कहां पहुंच गया, लेकिन दिल्ली वाले वहीं रह गए। पंजाब के लोग कह रहे हैं कि केजरीवाल को वोट मत दो, क्योंकि वे झूठे हैं, विश्वासघाती हैं, भ्रष्ट हैं।इस सम्मेलन में राजधानी के करीब 30,000 झुग्गी बस्तियों के प्रधान ने हिस्सा लिया। शाह ने उनकी समस्याओं को सुना।केजरीवाल ने 10 साल में कुछ नहीं किया। अगर आपसे काम नहीं हो पा रहा तो सत्ता छोड़ दो। भाजपा विकास के सारे काम कर देगी। लेकिन ये तो सत्ता छोड़ने वालों में से नहीं हैं। जेल जाकर भी इस्तीफा न देना वाला एकमात्र मुख्यमंत्री केजरीवाल हैं।केजरीवाल दिल्ली के लिए ‘आप-दा’ हैं। उन्होंने भ्रष्टाचार से लड़ने का वादा करके लोगों को धोखा दिया है, जबकि वह खुद भ्रष्टाचार में लिप्त हैं। देश ने तरक्की की है, लेकिन दिल्ली अभी भी विकास का इंतजार कर रही है। सड़कें गड्ढों से भरी हैं, हवा प्रदूषित है, यमुना का जल प्रदूषित है। केजरीवाल ने अन्ना, पंजाब और दिल्ली के लोगों के साथ विश्वासघात किया है।