बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के पुजारी कांकेर के जंगल में गुरुवार को पुलिस-नक्सलियों के बीच मुठभेड़ जारी है। एनकाउंटर में 10-12 नक्सलियों के मारे जाने की खबर है। दोनों तरफ से रुक-रुककर गोलीबारी हो रही है।बस्तर IG सुंदरराज पी. ने मुठभेड़ की पुष्टि की है। बीजापुर, DRG सुकमा, DRG दंतेवाड़ा, कोबरा के अलग-अलग बटालियन और CRPF के करीब 1200 से 1500 जवानों ने नक्सलियों को घेर रखा है।जंगल में बड़ी संख्या में नक्सली मौजूद हैं, इनमें कुछ बड़े नक्सल लीडर भी शामिल हैं। बीजापुर में ही IED ब्लास्ट में 2 जवान घायल हो गए हैं।गुरुवार दोपहर बीजापुर जिले के बासागुड़ा थाना क्षेत्र में कोबरा बटालियन के 2 जवान IED की चपेट में आ गए। साथी जवानों ने गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। बताया जा रहा है कि पुतकेल कैंप से जवान सर्च ऑपरेशन पर निकले थे।नक्सलियों ने इलाके में पहले से ही IED लगा रखी थी। इसी दौरान जवानों के पैर का दबाव IED पर पड़ा, जिससे जोरदार धमाका हुआ। दोनों जवानों के पैर में चोटें आई हैं। इलाके में सर्च ऑपरेशन भी चलाया जा रहा है।