नई दिल्ली। दिल्ली में विधानसभा चुनाव की तारीख नजदीक आ रही है। इस बीच पार्टियों ने अलग-अलग सीटों पर अपने उम्मीदवारों का एलान जारी रखा है। दिल्ली में मुकाबले की पृष्ठभूमि में तीनों ही मुख्य दलों- आम आदमी पार्टी, कांग्रेस और भाजपा ने परिवारवाद के मुद्दे पर एक-दूसरे को घेरा है। हालांकि, इस मुद्दे को उठाने के बावजूद तीनों ही पार्टियों ने अपने नेताओं के रिश्तेदारों और करीबियों को ही टिकट दिए। अगर आंकड़ों की बात करें तो तीनों पार्टियों ने परिवारवाद के विरोध में बात करने के बावजूद अब तक कुल 22 ऐसे उम्मीदवारों को टिकट दिया है, जो उनके सांसदों या विधायकों या फिर पार्टी नेताओं के परिवार के सदस्य हैं। खासकर कुछ अहम सीटों पर तो यह मानक खास तौर पर लागू किया गया है। आंकड़ों के मुताबिक, आम आदमी पार्टी ने ऐसे 11 उम्मीदवारों को उतारा है। दिल्ली में किसी दल की तरफ से यह नेताओं के सगे संबंधियों को सबसे ज्यादा टिकट देने का मामला है। कांग्रेस ने आठ ऐसे उम्मीदवार उतारे हैं, जो कि किसी राजनीति से जुड़े परिवार से संबंध रखते हैं। भाजपा ने राजनीतिक परिवारों से जुड़े ऐसे कुल तीन प्रत्याशियों को मौका दिया है।
भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने फिर आप को घेरा
पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा कि आम आदमी पार्टी, कांग्रेस के घोटालों की बात करने आई थी। लेकिन उनका छाप जो आप है वो A- अराजकता, अलगाववाद, आतंकवाद, अफवाहें फैलाने और अपराधियों को शरण देने के लिए जाना जाता है। ऐसी कौन सी मजबूरी है कि इन देशविरोधी ताकतों से हाथ मिलाना जरूरी है। अफजल गुरु की फांसी की सजा माफ कराने के लिए किसकी एनजीओ सामने आई, किसके रिश्तेदार और मां-बाप उसका हिस्सा थे? आतिशी और अरविंद केजरीवाल इसका जवाब देंगे या होंठ सिले रहेंगे।
आप ने जारी की ‘दिल्ली में बीजेपी की उपलब्धियां’ शीर्षक वाली किताब
चुनावी माहौल के बीच आम आदमी पार्टी के नेता लगातार भाजपा पर कटाक्ष कर रहे हैं। ताजा हमला आप सांसद संजय सिंह ने ‘दिल्ली में बीजेपी की उपलब्धियां’ शीर्षक वाली खाली पन्नों वाली एक किताब जारी की। सांसद संजय सिंह ने कहा कि आज तक जनता से किए गए वादों में भाजपा ने क्या-क्या उपलब्धियां हासिल की हैं। उसका लेखा-जोखा आप एक किताब के रूप में जारी करने जा रही है। इस किताब में सब लिखा है कि 15 लाख रुपए आपके खाते में पहुंच रहे हैं या नहीं, पक्के मकान कितने लोगों को मिले हैं। फसल का दाम दोगुना हो गए। पेट्रोल 50 रुपए पहुंच गया है।इस किताब के प्रत्येक पन्ने में भाजपा की उपलब्धियां लिखी हुई हैं।
अरविंद केजरीवाल से जान छुड़ानी है: सिरसा
दिल्ली चुनाव के बीच राजौरी गार्डन से भाजपा उम्मीदवार मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि भाजपा पार्टी द्वारा जब से यह तय किया गया है कि नारी समिति योजना के तहत महिलाओं को 2500 रुपये दिए जाएंगे। तब से दिल्ली की बहनों ने कहा है कि अरविंद केजरीवाल से जान छुड़ानी है। हमारी योजनाओं के ऊपर किसी किस्म का कोई विराम नहीं है। जनकल्याण योजनाएं किसी कीमत पर रोकी नहीं जाएंगी। दिल्ली के लोग एक तरफा कह रहे हैं कि हम कमल का बटन दबाएंगे और भाजपा को जिताएंगे।
दिल्ली में 26 जनवरी के बाद राहुल गांधी की पदयात्रा
नई दिल्ली विधानसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार संदीप दीक्षित ने कहा कि कल कहा गया कि राहुल गांधी पदयात्रा नहीं कर पाएंगे। ये कार्यक्रम 26 जनवरी के बाद फिर से आयोजित किए जाएंगे।। उन्होंने आगे कहा कि प्रवेश वर्मा और आम आदमी पार्टी अपने बनाए मुद्दों पर आपस में लड़ रहे हैं। हम विकास के मुद्दे पर चुनाव लड़ रहे हैं।