नई दिल्ली। गृह मंत्री अमित शाह ने दिल्ली में पार्टी के संकल्प पत्र का तीसरा हिस्सा जारी किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि मैंने केजरीवाल जैसा झूठा इंसान अपने पूरे जीवन में नहीं देखा है। अभी कुंभ लगा है, केजरीवाल डुबकी लगा लो तो झूठ बोलने के पाप कट जाएंगे।शाह ने AAP सरकार पर घोटाले करने का आरोप लगाते हुए कहा कि केजरीवाल ने दिल्ली में स्कूलों और मंदिरों, गुरुद्वारों को भी नहीं बख्शा। सबके ठेके दे दिए, हजारों करोड़ का घोटाला किया। केजरीवाल ने हर चुनाव में झूठे वादे किए हैं। भाजपा कोरे वादे नहीं करती।अमित शाह ने कहा कि हम चुनाव को बहुत गंभीरता से लेते हैं। बीजेपी कोरे वादे नहीं करती है। एक लाख आठ हजार लोगों ने अपना सुझाव दिया। 62 प्रकार के समूहों की बैठक की गई। ये सुझाव, दिल्ली का बजट और दिल्ली की जरूरतों को ध्यान में रखकर ये संकल्प पत्र बनाया गया है।इससे पहले 7 जनवरी को भाजपा ने संकल्प पत्र का पहला हिस्सा जारी किया था। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने संकल्प पत्र को ‘विकसित दिल्ली की नींव’ बताया था। इसके बाद 21 जनवरी को संकल्प पत्र का दूसरा हिस्सा पूर्व केंद्रीय मंत्री और सांसद अनुराग ठाकुर ने जारी किया था।
अमित शाह दिल्ली के लोगों का मजाक उड़ा रहे: सिसोदिया
जंगपुरा विधानसभा सीट से AAP उम्मीदवार मनीष सिसोदिया ने कहा कि दिल्ली की आबादी 2.5 करोड़ है और अमित शाह भाजपा सरकार बनने पर सिर्फ 50,000 नौकरियां देने की बात करते हैं । इसका मतलब है कि भाजपा के पास कोई योजना नहीं है। अमित शाह दिल्ली के लोगों का मजाक क्यों उड़ा रहे हैं?उन्होंने कहा- शाह को पता है कि वह सरकार नहीं बना पाएंगे और यही वजह है कि वह जो भी वादे करना चाहते हैं, कर रहे हैं। शाह दिल्ली में ई-बसें लाने का वादा कर रहे हैं, इसका मतलब है कि किसी ने उन्हें ठीक से जानकारी नहीं दी। दिल्ली दुनियाभर के लिए ई-बसों की राजधानी बन गई है।
पॉलिटिकल पार्टियों को बांटने वाली राजनीति से बचना चाहिए : चुनाव आयुक्त
मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने कहा कि पॉलिटिकल पार्टियों को बांटने वाली राजनीति से बचना चाहिए। इससे यूथ का इलेक्शन प्रोसेस से मोहभंग हो सकता है।उन्होंने कहा कि फेक नैरेटिव और फेक इन्फॉर्मेशन लोकतंत्र के लिए सबसे बड़ा खतरा हैं।
संदीप दीक्षित ने घर-घर जाकर चुनाव प्रचार किया, AAP भाजपा की बी टीम : जयराम रमेश
नई दिल्ली विधानसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार संदीप दीक्षित ने घर-घर जाकर चुनाव प्रचार किया। कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा कि AAP भाजपा की बी टीम है। भाजपा और AAP एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। दोनों में कोई अंतर नहीं है। कांग्रेस AAP और भाजपा के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं।