नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने आज रोहिणी की रैली में कहा कि केजरीवाल कहते थे कि यमुना के पानी को लंदन की थेम्स नदी जैसा बना देंगे और वे खुद उसमें डुबकी लगाएंगे। लेकिन केजरीवाल ने आज तक डुबकी क्यों नहीं लगाई?शाह ने कहा कि AAP का मतलब है झूठ, फरेब और धोखा। केजरीवाल ने यमुना को प्रदूषित करके दिल्ली वालों को प्रदूषित पानी पीने के लिए मजबूर किया है। जल बोर्ड के साफ पानी देने के सारे पैसे AAP ने भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ा दिए हैं।उन्होंने कहा कि केजरीवाल चुनाव जीतने के लिए झूठ बोलना बंद करो। ये कहते हैं कि भाजपा वालों ने दिल्ली के लोगों को परेशान करने के लिए हरियाणा से यमुना में जहर मिलाया है।शाह ने कहा- केजरीवाल बताएं कौनसा जहर मिलाया है, कौनसी लेबोरेटरी में टेस्ट कराया है, उसका नाम बताइए। केजरीवाल चुनाव में अपनी हार को जान गए हैं इसलिए इतनी हल्की राजनीति कर रहे हैं। इन्होंने कहा था कि अस्पताल के कमरे दोगुना करेंगे। कमरा तो एक भी नहीं बढ़ा, लेकिन इन्होंने दिल्ली वालों का 5 लाख तक का फ्री इलाज भी रोकने का काम किया। दिल्ली वालों भाजपा की सरकार बना दो, पहली कैबिनेट में दिल्ली वालों का 10 लाख रुपए तक का ऑपरेशन सहित मुफ्त इलाज करवाने का काम भाजपा करेगी। 5 तारीख को दिल्ली की जनता के सामने AAP को हटाकर मोदी जी के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार बनाने का मौका है। कमल के निशान पर बटन दबाना है और भाजपा सरकार बनानी है। बटन इतने जोर से दबाना है कि केजरीवाल के ‘शीश महल’ के शीशे टूट जाएं।