नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव से 5 दिन पहले आम आदमी पार्टी के 7 मौजूदा विधायकों ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। इन सभी ने विधानसभा चुनाव में टिकट न मिलने और AAP में भ्रष्टाचार को इस्तीफे की वजह बताई।महरौली से 2 बार के पार्टी विधायक नरेश यादव ने कहा, ‘AAP का उदय भ्रष्टाचार के खिलाफ हुए अन्ना आंदोलन से भारतीय राजनीति से भ्रष्टाचार को मुक्त करने के लिए हुआ था। लेकिन अब मैं बहुत दुखी हूं कि भ्रष्टाचार आम आदमी पार्टी बिल्कुल भी कम नहीं कर पाई, बल्कि AAP ही भ्रष्टाचार के दलदल में लिप्त हो चुकी है।’AAP ने इस चुनाव में 17 मौजूदा विधायकों का टिकट काटा था। दिल्ली में 5 फरवरी को वोटिंग होना है। रिजल्ट 8 फरवरी को आएगा।
संदीप दीक्षित से डिबेट करने नहीं पहुंचे केजरीवाल
नई दिल्ली से कांग्रेस उम्मीदवार संदीप दीक्षित ने पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को जंतर-मंतर में डिबेट करने की चुनौती दी थी। हालांकि, केजरीवाल तय समय शुक्रवार दोपहर 3 बजे नहीं पहुंचे।इससे पहले शुक्रवार सुबह दीक्षित ने कहा- मुझे समझ में नहीं आता कि अरविंद केजरीवाल ने IIT में क्या पढ़ा है। इंजीनियर होते हुए भी वे ऐसी बेतुकी बातें कर रहे हैं जो 5वीं या 6वीं का छात्र भी नहीं कहेगा।दीक्षित ने कहा- मुझे लगता है कि केजरीवाल ने नकल करके परीक्षा पास की है। मैं उन्हें सुझाव दूंगा कि वे अपनी इंजीनियरिंग की किताबें पढ़ें। उन्हें पता चल जाएगा कि वे कितना झूठ बोलते हैं।
केजरीवाल ने चांदनी चौक में डोर टू डोर कैंपेन किया
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल शुक्रवार को चांदनी चौक विधानसभा से AAP प्रत्याशी पुरनदीप साहनी का प्रचार करने पहुंचे। इस दौरान केजरीवाल ने चांदनी चौक इलाके में घर-घर जाकर ‘बचत पत्र’ अभियान चलाया।इस दौरान अरविंद केजरीवाल ने कहा- आज से हमने दिल्ली में बचत पत्र अभियान शुरू किया है। दिल्ली में AAP की कई योजनाएं चल रही हैं लेकिन 5 मुख्य योजनाएं हैं, जो जनता को लाभ दे रही हैं और उनका पैसा बचा रही हैं। तीन और योजनाएं हैं जिनका लाभ पूरे परिवार को मिलेगा। आज से हम हर घर में जाएंगे और हिसाब लगाएंगे कि उन्हें योजनाओं से कितना लाभ मिला है।
होम वोटिंग के जरिए 5848 पोस्टल बैलेट डाले गए
दिल्ली की मुख्य निर्वाचन अधिकारी आर एलिस वाज ने शुक्रवार को दिल्ली विधानसभा चुनाव की तैयारियों का ब्योरा दिया। वाज ने बताया कि अब तक होम वोटिंग के जरिए 5848 पोस्टल बैलेट डाले गए हैं।वाज ने आगे बताया कि विधानसभा चुनाव की मतगणना को लेकर स्पेशल प्लानिंग की गई है। जिसे इलेक्शन कमीशन ऑफ इंडिया (ECI) ने मंजूरी दे दी है। इसके तहत दिल्ली के 11 जिलों में 19 मतगणना केंद्र बनाए गए हैं।