आर्थिक, सामाजिक और राजनैतिक स्थिरता में विश्व के लिए आदर्श बना भारत
नई दिल्ली (वी.एन,झा)। बजट सत्र की शुरुआत राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के अभिभाषण से हुई। इस दौरान उन्होंने मोदी सरकार की उपलब्धियां गिनाई। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार राष्ट्र प्रथम की भावना से आगे बढ़ रही। राष्ट्रपति मुर्मु ने देश के विकास के लिए मोदी सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं का भी जिक्र किया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा,” देश की सीमाओं की रक्षा और आंतरिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सरकार ने ऐतिहासिक कार्य किए हैं।” उन्होंने आगे कहा, वैश्विक अस्थिरता के वातावरण में भारत आर्थिक, सामाजिक और राजनैतिक स्थिरता का स्तम्भ बनकर विश्व के सामने आदर्श प्रस्तुत कर रहा है।” राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने दोनों सदनों को संबोधित करते हुए कहा,”देश के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंच रहा है। भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा अर्थव्यवस्था बनने जा रहा है। सरकार का लक्ष्य, विकसित भारत का निर्माण है। 25 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकाला गया है। सरकार ने कर्मचारियों के लिए 8वें वेतन आयोग लागू करने का फैसला किया है।”
सरकार ने टैक्स व्यवस्था को आसान बनाया
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा,”वन नेशन वन टैक्स का फायदा देश के हर राज्यों को मिल रहा है। देश को ग्लोबल इनोवेशन पावर बनाना हमारी सरकार का लक्ष्य है। सरकार ने टैक्स व्यवस्था को आसान बनाया है। देश में मातृभाषा में शिक्षा के अवसर दिए जा रहे हैं। हमारी सरकार ने ऑनलाइन ट्रांजेक्शन मजबूत बनाया।”
ड्रोन दीदी योजना से महिलाओं का सशक्तीकरण हुआ
राष्ट्रपति ने अभिभाषण में कहा,”हमारी सरकार देश की महिलाओं को सशक्त बनाने में जुटी है। सरकार का नारी सशक्तीकरण पर जोर है। हमारा लक्ष्य 3 करोड़ लखपति दीदी बनाने का है। सरकारी योजनाओं से गरीबों का सम्मान बढ़ रहा है। ड्रोन दीदी योजना से महिलाओं का सशक्तिकरण हुआ है।
सरकार ने वक्फ बोर्ड जैसे मुद्दों पर बड़े फैसले लिए
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा,”वक्फ बोर्ड और वन नेशन, वन इलेक्शन जैसे मुद्दों पर सरकार ने बड़े फैसले लिए हैं। मेरी सरकार महिलाओं के नेतृत्व में देश को सशक्त बनाने में विश्वास करती है। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत 91 लाख से अधिक स्वयं सहायता समूहों को सशक्त बनाया जा रहा है।”
हमारी सरकार ने ‘भारत AI मिशन’ शुरू किया
राष्ट्रपति मुर्मु ने कहा,”वह दिन दूर नहीं जब भारत अपना मानव अंतरिक्ष उड़ान गगनयान लॉन्च करेगा। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में भारत के योगदान को आगे बढ़ाने के लिए सरकार ने ‘भारत AI मिशन’ शुरू किया है।”
‘महाकुंभ में घटी दुखद घटना पर संवेदना व्यक्त करती हूं’
हाल ही में महाकुंभ में संगम हादसे का जिक्र करते हुए राष्ट्रपति मुर्मु ने कहा,”ऐतिहासिक महाकुंभ चल रहा है। यह हमारी सांस्कृतिक परंपराओं और सामाजिक जागृति का त्योहार है. भारत और दुनिया के करोड़ों श्रद्धालुओं ने प्रयागराज में पवित्र डुबकी लगाई है। मौनी अमावस्या के दिन हुई दुर्घटना पर संवेदना व्यक्त करती हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करती हूं।”
देश में अष्टलक्ष्मी महोत्सव का आयोजन किया गया
रष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा कि समाज के पिछड़े वर्ग और सफाई कर्मचारियों को आसान लोन मुहैया कराने के लिए पीएम सूरज योजना का विस्तार किया गया है। पूरा देश नॉर्थ ईस्ट के आठ राज्यों की संभावनाओं को देख सके, इस दिशा में, पहले अष्टलक्ष्मी महोत्सव का आयोजन किया गया।
कैंसर की दवाओं से कस्टम ड्यूटी खत्म किया गया
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा,”कश्मीर में दुनिया का सबसे ऊंचा रेलवे ब्रिज बनाया गाया। कैंसर की दवाओं से कस्टम ड्यूटी खत्म किया गया। भारत दुनिया का सबसे बड़ा दूध उत्पादक है।”
देशवासियों को पीएम स्वनिधि योजना का लाभ मिल रहा
राष्ट्रपति मुर्मु ने कहा,”मेरी सरकार ने Ease of doing business को बढ़ावा देने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। दशकों तक हमारे देश के रेहड़ी-पटरी पर दुकान लगाकर आजीविका चलाने वाले भाई-बहन बैंकिंग व्यवस्था से बाहर रहे। आज उन्हें पीएम स्वनिधि योजना का लाभ मिल रहा है।”
सोनिया गांधी ने राष्ट्रपति को बेचारी महिला कहा
संसद परिसर में पत्रकारों के सवाल पूछने पर सोनिया गांधी ने राष्ट्रपति को Poor Lady (बेचारी महिला) कह दिया था. उन्होंने आगे कहा था कि वह अपने संबोधन के आखिर तक थक गई थीं और बहुत मुश्किल से बोल पा रही थीं. प्रियंका गांधी ने संसद परिसर में कहा, ‘‘मेरी मां 78 साल की एक बुजुर्ग महिला हैं. उन्होंने सिर्फ यह कहा कि राष्ट्रपति इतना लंबा भाषण पढ़कर थक गई होंगी. .सोनिया की टिप्पणी पर भाजपा की ओर से माफी की मांग किये जाने के बारे में पूछे जाने पर कांग्रेस महासचिव ने कहा, ‘‘उन्होंने (भाजपा) देश को डुबोया है, पहले उसके लिए माफी मांगें.’’ भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष जे पी नड्डा ने सोनिया गांधी की टिप्प्णी की निंदा की और मांग की कि वह राष्ट्रपति और भारत के आदिवासी समुदायों से बिना शर्त माफी मांगें.
गरिमा को पहुंची ठेस: राष्ट्रपति भवन
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अभिभाषण पर सोनिया गांधी के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए राष्ट्रपति भवन ने अपने जारी बयान में कहा, कांग्रेस पार्टी के कुछ नेताओं की टिप्पणियों से इस शीर्ष पद की गरिमा को ठेस पहुंची है. किसी भी मामले में ऐसी टिप्पणियां दुर्भाग्यपूर्ण और पूरी तरह से टालने योग्य हैं.”राष्ट्रपति भवन ने आगे अपने बयान में कहा, “राष्ट्रपति किसी भी समय थकी हुई नहीं थीं. उनका मानना है कि हाशिए पर पड़े समुदायों, महिलाओं और किसानों के लिए बोलना,कभी भी थकाऊ नहीं हो सकता. वह यही अपने भाषण के दौरान कर रही थीं. ऐसा हो सकता है कि इन नेताओं ने हिंदी जैसी भारतीय भाषाओं के मुहावरे और प्रवचन से खुद को परिचित नहीं किया है और इस तरह गलत धारणा बनाई है.”
कांग्रेस के शाही परिवार ने राष्ट्रपति का अपमान किया:मोदी
दिल्ली विधानसभा चुनाव को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज द्वारका में रैली की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शाही परिवार का अहंकार देश ने फिर देखा। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने संसद को संबोधित किया।उनकी मातृभाषा हिंदी नहीं है, लेकिन उन्होंने बेहतरीन भाषण दिया, लेकिन कांग्रेस का शाही परिवार उनके अपमान पर उतर आया है। राष्ट्रपति ओडिशा आदिवासी परिवार से निकलकर यहां तक पहुंची हैं। ये देश के 10 करोड़ आदिवासियों का अपमान है।जो जमीन से उठकर ऊपर आते हैं, उनको कांग्रेस का शाही परिवार पसंद नहीं करता। गरीब, दलित, आदिवासी और ओबीसी समाज से जो भी लोग आगे बढ़ते हैं, कांग्रेस उनको अपमानित करती है।कांग्रेस और आपदा दोनों में बहुत अहंकार हैं। ये आप-दा वाले खुद को दिल्ली का मालिक बताते हैं। कांग्रेस वाले खुद को देश का मालिक समझते हैं।उन्होंने कहा कि आप-दा वालों ने दिल्ली को अपनी राजनीति चमकाने का ATM बना लिया है। इन लोगों ने दिल्ली का पैसा निचोड़ लिया है, लूट लिया है। जिन्होंने दिल्ली को लूटा है, उन्हें लौटाना ही पड़ेगा। दिल्ली में घोटाले करके ये आप-दा वाले कालेधन से देश के दूसरे राज्यों में राजनीति चमकाते हैं। विधानसभा के पहले सत्र में ही CAG रिपोर्ट टेबल होगी। इसमें आप-दा सरकार के घोटालों का जिक्र है। हर भ्रष्टाचार की जांच होगी।