सूरत। सूरत के हजीरा इलाके से एक बड़ी खबर सामने आई है। यहां एक तेज रफ्तार डम्पर और बस के बीच भीषण टक्कर हो गई। एएमएनएस द्वारा संचालित बस में कुल 50 यात्री सवार थे। इनमें से करीब 15 कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। जबकि इलाज के दौरान एक व्यक्ति की मौत की खबर है। बस और डम्पर के बीच टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन पलट गए, जिससे कई लोगों को मामूली व गंभीर चोटें आईं। हालांकि, 15 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए और घायलों को 108 और निजी एम्बुलेंस की मदद से तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें से एक की इलाज के दौरान मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, दुर्घटना की सूचना मिलते ही आठ एंबुलेंस घटनास्थल पर पहुंचीं और घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने बताया कि इस दुर्घटना में घायल हुए लोगों में से एक की हालत गंभीर थी और अंततः उसकी मौत हो गई। यह बस एक निजी कंपनी की थी और इसमें केवल निजी कंपनी के कर्मचारी ही यात्रा कर रहे थे।