जयपुर। राजस्थान की महिला टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए करनाल (हरियाणा) में सम्पन्न 71 वीं सीनियर नेशनल महिला कबड्डी प्रतियोगिता का कांस्य पदक जीत लिया। राजस्थान महिला टीम का सीनियर नेशनल कबड्डी में यह लगातार चौथा कांस्य पदक है। राजस्थान ने अपने लीग मुकाबलों में पांडिचेरी को 38-11 से, बिहार को 47-34 से हराया। प्रीक्वार्टरफाइनल में पंजाब को 30-26 से, क्वार्टरफाइनल में में चंडीगढ़ को 36-33 से पराजित किया। राजस्थान की टीम को सेमीफाइनल में भारतीय रेलवे ने 36-33 से हराया। राजस्थान टीम का राष्ट्रीय स्तर पर जीत का सफर लगातार जारी है। राजस्थान ने लगातार चौथी बार सीनियर नेशनल कबड्डी में कांस्य पदक जीता है। राजस्थान ने 2022 में चरखी दादरी, 2023 में महेन्द्रगढ़ (हरियाणा) व 2024 में पंजाब में आयोजित सीनियर नेशनल में भी कांस्य पदक अपने नाम किया था। इसके अलावा राजस्थान ने हाल ही उत्तराखंड में सम्पन्न 38 वें राष्ट्रीय खेलों में व 2023 (गोवा) के 37 वें राष्ट्रीय खेलों में भी कांस्य पदक जीतने में सफल रही थी।