इस्लामाबाद। पाकिस्तान के अशांत बलूचिस्तान प्रांत में बुधवार को अज्ञात बंदूकधारियों ने एक बस में सवार सात यात्रियों की हत्या कर दी। अधिकारियों ने बताया कि बंदूकधारियों ने बरखान क्षेत्र में क्वेटा से पंजाब प्रांत जा रही बस को रोका और सात यात्रियों को बस से उतारकर पहाड़ी पर ले गए। इसके बाद उनको गोली मार दी गई है। पाकिस्तान के राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने इसे आतंकी घटना बताया और इसकी निंदा की। पुलिस ने बताया कि बंदूकधारियों ने बरखान क्षेत्र में हाईवे पर नाकाबंदी करके बस को रोक लिया। हमलावर बस में चढ़े और यात्रियों के पहचान पत्र चेक किए। इसके बाद उन्होंने सात यात्रियों को बस से उतारा और पहाड़ी के पास ले गए। इसके बाद गोलियों की आवाज सुनाई दी। बरखान के उपायुक्त वकार खुर्शीद आलम ने घटना और मृतकों की संख्या की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि सभी सातों यात्री पंजाब प्रांत से थे और वे लाहौर जा रहे थे। सुरक्षा बलों ने मौके पर पहुंचकर हमलावरों की तलाश तेज कर दी है। पुलिस के मुताबिक अभी तक किसी भी संगठन ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। हालांकि बलूच आतंकी संगठन लगातार पड़ोसी राज्य पंजाब के लोगों पर हमला करते रहते हैं। पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी, प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और बलूचिस्तान के सीएम सरफराज बुगती ने आतंकी हमले की निंदा की। सीएम ने कहा कि हमलावरों को को तलाशा जा रहा है। उन्हें सजा दिलाई जाएगी।वहीं राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने कहा कि निर्दोष लोगों की हत्या करना कायरतापूर्ण और जघन्य है।