नई दिल्ली। सरकार ने गुरुवार को मुख्य आर्थिक सलाहकार (सीईए) वी. अनंथा नागेश्वरन का कार्यकाल दो साल के लिए बढ़ाकर मार्च 2027 तक कर दिया। सूत्रों ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता वाली मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति ने अनुबंध के आधार पर नागेश्वरन के कार्यकाल को 31 मार्च 2027 तक के लिए मंजूरी दे दी है।नागेश्वरन ने 28 जनवरी, 2022 को सरकार द्वारा सीईए का पदभार ग्रहण किया था।
महाराष्ट्र के डिप्टी CM शिंदे की कार को बम से उड़ाने की धमकी
मुंबई। महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे की कार को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। मुंबई पुलिस को गुरुवार सुबह एक अज्ञात कॉल आया था। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।पुलिस अधिकारी ने बताया कि गोरेगांव, जेजे मार्ग पुलिस स्टेशनों और राज्य सरकार के मुख्यालय मंत्रालय के कंट्रोल रूम में कॉल आए। कॉल करने वाले ने शिंदे की कार को बम से उड़ाने की धमकी दी।
हमास ने 4 इजराइली बंधकों के शव लौटाए
गाजा। फिलिस्तीन के उग्रवादी संगठन हमास ने गुरुवार को 4 इजराइली बंधकों के शव रेड क्रॉस एजेंसी को सौंप दिए हैं। इनमें शिरी बिबास और उनके 2 बच्चे एरियल बिबास और केफिर बिबास शामिल हैं।7 अक्टूबर 2023 को जब हमास ने इन्हें बंधक बनाया था, तब एरियल की उम्र 4 साल और केफिर की उम्र 9 महीने थे। इन बच्चों के पिता यार्डेन बिबास को इस महीने की शुरुआत में रिहा किया गया था।चौथा शव 83 साल के ओडेड लिफिशट्ज का है। उन्हें उनकी पत्नी योचेवेड के साथ किबुत्ज नीर ओज से अगवा कर लिया गया था।
असम में धुबरी से सांसद रकीबुल हुसैन पर हमला
गुवाहाटी। असम की धुबरी लोकसभा सीट से कांग्रेस सांसद रकीबुल हुसैन और उनके निजी सुरक्षा अधिकारी पर गुरुवार को अज्ञात बदमाशों ने हमला कर दिया। सांसद के सुरक्षाकर्मियों ने बदमाशों को रोकने की कोशिश की, लेकिन वे सफल नहीं हो सके। घायल सांसद को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने बताया कि असम के नगांव जिले के रुपालीहाट क्षेत्र में सांसद रकीबुल हुसैन पर हमला हुआ। जब वे पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठक में भाग लेने जा रहे थे, इस दौरान हाथों में क्रिकेट बैट लिए कुछ लोग आए और सांसद पर हमला कर दिया। पुलिस ने बताया कि सभी के चेहरे काले कपड़े से ढके हुए थे। सांसद के निजी सुरक्षाकर्मी ने उनको बचाने की कोशिश की, लेकिन बदमाशों ने उन पर भी हमला कर दिया। पुलिस मौके पर पहुंची और सांसद को अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने बताया कि सांसद की चोटों के बारे में अभी पता नहीं चला है। हमलावर मौके से फरार हो गए हैं। घटना की जांच शुरू कर दी है।