मॉस्को
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन ने बुधवार को यूक्रेन की सीमा से लगे रूस के कुर्स्क प्रांत का दौरा किया। इस दौरान पुतिन आर्मी की यूनिफॉर्म में नजर आए। पुतिन बुधवार को मोर्चे पर सेना की एक कमान पोस्ट पर पहुंचे। पुतिन ने कुर्स्क के ज्यादातर इलाकों से यूक्रेनी सेना को बाहर निकालने पर खुशी जताई।रूस के राष्ट्रपति कार्यालय क्रेमलिन ने पुतिन की तस्वीरें जारी कीं। हरे रंग की यूनिफॉर्म पहने पुतिन एक डेस्क पर बैठे हुए थे। उनके सामने कई नक्शे रखे हुए थे। इस दौरान उनके साथ रूस के शीर्ष सैन्य अधिकारी जनरल वालेरी गेरासिमोव के साथ दिखाई दिए।कुर्स्क पर पिछले साल अगस्त में यूक्रेन ने हमला किया था। अभी भी कुर्स्क के कई इलाकों पर यूक्रेनी सेना का कब्जा है। यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की इस जमीन का इस्तेमाल सीजफायर डील में रूस के साथ अदला-बदली के लिए करना चाहते हैं। पुतिन ने ये दौरा मंगलवार को सऊदी अरब में अमेरिका और यूक्रेन के प्रतिनिधियों की बैठक के बाद किया। इस बैठक में यूक्रेन ने 30 दिन के सीजफायर पर सहमति जताई है। अमेरिका इस प्लान को रूस के सामने पेश करना चाहता है। हालांकि रूस ने पहले किसी भी तरह के अस्थाई सीजफायर से इनकार किया था।पुतिन ने कहा कि किसी भी अस्थाई सीजफायर से यूक्रेन की सेना को ही फायदा होगा। जंग के मैदान में पिछड़ रही यूक्रेनी सेना को इससे अपने सैनिकों की संख्या बढ़ाने और तैयारी करने में मदद मिलेगी।रूस ने पश्चिमी देशों से एक व्यापक सुरक्षा समझौते की मांग की है। इसमें यूक्रेन को NATO में शामिल नहीं करने की गारंटी भी शामिल है। दिंसबर में पुतिन ने कहा था कि “हमें सीजफायर की नहीं शांति की आवश्यकता है। रूस और उसके नागरिकों को सुरक्षा गारंटी के साथ शांति चाहिए।”