बीजापुर और कांकेर में ऑपरेशन, एक जवान भी शहीद, हथियार बरामद, सर्च ऑपरेशन जारी
जगदलपुर। छत्तीसगढ़ में सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच दो बड़ी मुठभेड़ें हुईं। ये मुठभेड़ें बीजापुर-दंतेवाड़ा बॉर्डर और कांकेर-नारायणपुर सीमा पर हुईं। गुरुवार की सुबह हुई इन मुठभेड़ों में 30 नक्सली मारे गए। बीजापुर में 26 और कांकेर में 4 नक्सलियों के शव बरामद हुए हैं। दुखद बात यह है कि बीजापुर में हुई मुठभेड़ में DRG (डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड) का एक जवान भी शहीद हो गया। बस्तर आईजी पी सुंदरराज ने कहा कि अभी फायरिंग जारी है। पुलिस का कहना है कि नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना मिलने पर फोर्स को भेजा गया था। फिलहाल, दोनों तरफ से फायरिंग जारी है और घटनास्थल से नक्सलियों के शव और हथियार बरामद किए जा रहे हैं। बस्तर IG सुंदरराज पी. ने बताया कि गुरुवार दोपहर बाद तक दोनों तरफ से फायरिंग जारी थी। पुलिस लगातार नक्सलियों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। मृतकों की संख्या की बढ़ सकती है। इसके साथ ही मुठभेड़ के बाद पुलिस ने उनकी पास से बड़ी संख्या में हथियार बरामद किए हैं। इन हथियारों में अत्याधुनिक हथियार भी हैं। वहीं, मारे गए नक्सलियों की पहचान की जा रही है। इनमें कुछ बड़े नक्सली नेता भी हो सकते हैं।एक और घटना में नारायणपुर-दंतेवाड़ा बॉर्डर पर IED ब्लास्ट हुआ। इस ब्लास्ट में दो जवान घायल हो गए। अच्छी बात यह है कि दोनों खतरे से बाहर हैं।पुलिस को जानकारी मिली थी कि गंगालूर इलाके में बड़ी संख्या में नक्सली मौजूद हैं। इसके बाद दंतेवाड़ा-बीजापुर बॉर्डर पर पुलिस ने मिलकर एक ऑपरेशन शुरू किया। फोर्स एक दिन पहले ही एंड्री इलाके में पहुंच गई थी। गुरुवार सुबह यहां मुठभेड़ शुरू हो गई। बीजापुर SP जितेंद्र यादव और दंतेवाड़ा SP गौरव राय ने बताया कि मुठभेड़ अभी भी जारी है।पुलिस के अनुसार, छत्तीसगढ़ में इस साल अब तक 71 से अधिक नक्सली मारे गए हैं। उनसे 290 हथियार भी जब्त किए गए हैं। पिछले साल यानी 2024 में अलग-अलग मुठभेड़ों में लगभग 300 नक्सली मारे गए थे। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि आज दो नक्सली मुठभेड़ में एक जगह 18 नक्सलियों की डेड बॉडी मिली है और दूसरी जगह चार। हम अपने सुरक्षाबल के जवानों के साहस को नमन करते हैं। हमारे जवान लगातार बहुत मजबूती के साथ लड़ाई लड़ रहे हैं। हमारे गृह मंत्री का संकल्प है कि मार्च 2026 तक पूरे देश से नक्सलवाद को समाप्त करना है। उसमें अब ज्यादा समय नहीं लगने वाला है। उस पर बहुत तेजी के साथ काम हो रहा है। गृह मंत्री का संकल्प पूरा होगा और हमारे बस्तर को देश-दुनिया में जाना जाएगा।
31 मार्च 2026 से पहले नक्सलमुक्त होने वाला है देश:अमित शाह
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा- ‘नक्सलमुक्त भारत अभियान’ की दिशा में आज हमारे जवानों ने एक और बड़ी सफलता हासिल की है। छत्तीसगढ़ के बीजापुर और कांकेर में हमारे सुरक्षा बलों के 2 अलग-अलग ऑपरेशन्स में 22 नक्सली मारे गए।मोदी सरकार नक्सलियों के विरुद्ध रुथलेस अप्रोच से आगे बढ़ रही है और समर्पण से लेकर समावेशन की तमाम सुविधाओं के बावजूद जो नक्सली आत्मसमर्पण नहीं कर रहे, उनके खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपना रही है। अगले साल 31 मार्च से पहले देश नक्सलमुक्त होने वाला है।