बंगलूरू । कर्नाटक भाजपा में कलह सतह पर आ गई है। दरअसल बगावत के आरोप में भाजपा ने अपनी पार्टी के विधायक बासनगौड़ा पाटिल यतनाल को निर्वासित कर दिया है। अब निष्कासित विधायक ने सोशल मीडिया पर एक लंबा चौड़ा पोस्ट साझा किया है और उसमें पार्टी नेतृत्व पर गंभीर आरोप लगाए हैं। निष्कासित विधायक ने आरोप लगाया कि भाजपा एक समय कार्यकर्ताओं की पार्टी मानी जाती थी, लेकिन अब इसमें वंशवादी राजनीति हावी है। गौरतलब है कि कर्नाटक भाजपा ने अपने बागी विधायक बासनगौड़ा पाटिल यतनाल को छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया है। यतनाल ने पूर्व सीएम बीएस येदियुरप्पा और उनके बेटे और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वी वाई विजयेंद्र के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए हाल ही में लिंगायत नेताओं और संतों को एकजुट करने की मुहिम चलाई थी। इसके लिए भाजपा की केंद्रीय अनुशासन समिति ने यतनाल को नोटिस जारी कर जवाब मांगा था।
अब जवाब से असंतुष्ट रहने के बाद यतनाल को पार्टी से छह साल के लिए निष्कासित कर दिया गया है।