मुंबई / नई दिल्ली। ट्रंप के टैरिफ के बाद चीन ने भी 34% का जवाबी टैरिफ लगा दिया. इस टकराव ने ट्रेड वॉर की आशंका बढ़ा दी है. इसका असर अमेरिका से लेकर एशिया तक सभी ग्लोबल मार्केट्स में देखा गया. भारत भी इसके कहर से नहीं बच पाया.वैश्विक बाजारों में गिरावट के कारण भारतीय बेंचमार्क इक्विटी इंडेक्स बीएसई सेंसेक्स और निफ्टी-50 सोमवार को 4 जून, 2024 के बाद सबसे बड़ी गिरावट लेकर बंद हुए।तीस शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स आज 4000 अंक के करीब गिरकर 71,449.94 पर ओपन हुआ। कारोबार के दौरान इंडेक्स 71,425.01 अंक तक लुढ़क गया था। अंत में सेंसेक्स 2226.79 अंक या 2.95% की बड़ी गिरावट लेकर 73,137.90 पर बंद हुआ।इसी तरह नैशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 भी 1000 अंक से ज्यादा की गिरावट लेकर 21,758.40 पर खुला। दिन के कारोबार के दौरान इंडेक्स 21,743.65 अंक तक गिर गया था। अंत में यह 742.85 अंक या 3.24% गिरकर 22,161.60 पर क्लोज हुआ।भारतीय शेयर बाजार में सोमवार को आई बड़ी गिरावट से निवेशकों को तगड़ा नुक्सान हुआ है। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप गिरकर 3,90,70,081.92 लाख करोड़ रुपये पर आ गया। यह शुक्रवार को 404,09,600 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह निवेशकों की वेल्थ आज 13,39,519 करोड़ रुपये घट गई।घरेलू गैस सिलेंडर 50 रुपए महंगा हो गया है। आज यानी, सोमवार 7 अप्रैल को पेट्रोल मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने इसकी जानकारी दी। नई कीमतें कल से लागू होंगी अभी दिल्ली में गैस सिलेंडर 803 रुपए में मिलता है।दाम बढ़ने के बाद कीमत 853 रुपए हो जाएगी। वहीं उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों के गैस सिलेंडर की कीमत 500 से बढ़कर 550 रुपए हो जाएगी।आखिरी बार सरकार ने 8 मार्च 2024 को महिला दिवस पर सिलेंडर के दामों में 100 रुपए की कटौती थी। तब दिल्ली में सिलेंडर 903 रुपए का था।
अमेरिकी शेयर बाजार खुलते ही हुआ धड़ाम, 5% तक की गिरावट
अमेरिकी शेयर बाजार सोमवार को खुलते ही धड़ाम हो गए और करीब 5 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई. वॉल स्ट्रीट ने कारोबार की शुरुआत भीषण गिरावट के साथ की और सभी प्रमुख शेयर सूचकांक धड़ाम से नीचे आ गए. निवेशकों में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की टैरिफ नीतियों को लेकर गहरी चिंता देखी गई, जो अमेरिका की अर्थव्यवस्था पर गंभीर प्रभाव डाल सकती हैं. इस बढ़ती अनिश्चितता के माहौल में कई ट्रेडर्स ने शेयरों से दूरी बनाते हुए सरकारी बॉन्ड्स को एक सुरक्षित विकल्प के रूप में चुना.
सोने में 1550 रुपयेकी बड़ी गिरावट
आभूषण विक्रेताओं और स्टॉकिस्टों की भारी बिकवाली तथा कमजोर वैश्विक रुख के बीच राष्ट्रीय राजधानी में सोमवार को सोने का भाव 1,550 रुपये टूटकर 91,450 रुपये प्रति दस ग्राम रह गया। अखिल भारतीय सर्राफा संघ ने यह जानकारी दी। शुक्रवार को 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 93,000 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुई थी।99.5 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने का भाव 1,550 रुपये टूटकर 91,000 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया। पिछले कारोबारी सत्र में सोना 92,550 रुपये प्रति 10 ग्राम के भाव पर बंद हुआ था। लगातार पांचवें दिन गिरावट का सिलसिला जारी रखते हुए सोमवार को चांदी की कीमत 3,000 रुपए फिसलकर 92,500 रुपए प्रति किलोग्राम रह गई। बीते शुक्रवार को चांदी 95,500 रुपए प्रति किलोग्राम के भाव पर बंद हुई थी।
पेट्रोल-डीजल पर एक्साइज ड्यूटी 2 रुपए बढ़ी, यह खर्चा पेट्रोलियम कंपनियां उठाएंगी:केंद्र
केंद्र सरकार ने पेट्रोल-डीजल पर एक्साइज ड्यूटी 2 रुपए प्रति लीटर बढ़ा दी है। हालांकि, आधे घंटे बाद ये भी साफ किया कि इससे पेट्रोल-डीजल के दाम नहीं बढ़ेंगे। ये खर्चा पेट्रोलियम कंपनियां उठाएंगी।अभी सरकार पेट्रोल पर 19.90 रुपए लीटर और डीजल पर 15.80 रुपए लीटर एक्साइज ड्यूटी वसूल रही है। इस बढ़ोतरी के बाद पेट्रोल पर 21.90 रुपए लीटर और डीजल पर 17.80 रुपए लीटर ड्यूटी लगेगी।पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि ड्यूटी को कच्चे तेल की घटी कीमतों से एडजस्ट किया जाएगा। अगर आगे भी कच्चे तेल के दाम घटे रहे तो पेट्रोल-डीजल के दामों में गिरावट आ सकती है।