- रामबन में बादल फटने और लैंडस्लाइड ऐसी त्रासदी कभी नहीं देखी: विधायक
श्रीनगर । जम्मू-कश्मीर के रामबन जिले में रविवार को बादल फटने और लैंडस्लाइड से इलाके में तबाही मच गई थी। इसमें 3 लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने करीब 100 लोगों को रेस्क्यू किया।रामबन इलाके में सोमवार को भी रेस्क्यू अभियान चलाते हुए घरो और सड़कों से मलबा हटाया जा रहा है। हालांकि, जम्मू श्रीनगर हाईवे (NH- 44) दूसरे दिन भी बंद है। इसके चलते सैकड़ों ट्रक और वाहन अलग-अलग स्थानों पर फंसे हुए हैं। इसमें हजारों पर्यटक भी शामिल हैं।वहीं, मौसम की खराब स्थिति और फ्लैश फ्लड के खतरे को देखते हुए जिला रामबन के सभी स्कूल, कॉलेज आज बंद रखे गए हैं। प्रशासन ने लोगों से यात्रा से बचने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है। स्थानीय विधायक अर्जुन सिंह राजू ने कहा- इस तरह की त्रासदी हमने कभी नहीं देखी। इस त्रासदी में प्रोपर्टी को जो नुकसान हुआ वो हुआ, लेकिन जो लोगों की जान गई वो बहुत दुर्भाग्यपूर्ण हैं। हालांकि स्थिति अब धीरे-धीरे सामान्य हो रही है और प्रशासन की पहली प्राथमिकता लोगों को सुरक्षित निकालना और बंद सड़कों को दोबारा खोलना है। केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने सेना के रेस्क्यू अभियान की सराहना की उन्होंने कहा- युद्धकाल ही नहीं, शांति के समय भी सेना देश की सेवा में तत्पर रहती है। जिलाधिकारी बसीर हक के नेतृत्व में जिला प्रशासन भी लगातार काम कर रहा है। इधर, उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी ने स्थिति का जायजा लेने रामबन का दौरा किया, वहीं मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने जान-माल के नुकसान पर शोक जताते हुए हरसंभव मदद का
आश्वासन दिया है।