वाशिंगटन
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन को कोर्ट से झटका लगा है। एक संघीय न्यायाधीश ने मंगलवार को वॉयस ऑफ अमेरिका (VOA) को बंद करने के ट्रंप प्रशासन के फैसले पर रोक लगा दी। वॉयस ऑफ अमेरिका 83 साल पुरानी अंतरराष्ट्रीय समाचार सेवा है, जिसे कांग्रेस ने शुरू किया था। अमेरिकी जिला न्यायाधीश रॉयस लैम्बर्थ ने अपने फैसले में कहा कि ट्रंप प्रशासन ने वॉयस ऑफ अमेरिका को अवैध रूप से संचालन बंद करने के लिए मजबूर किया। द्वितीय विश्व युद्ध के समय से VOA की स्थापना के बाद यह पहली बार हुआ है। VOA के कर्मचारियों और ठेकेदारों के वकीलों ने न्यायाधीश से अनुरोध किया कि राष्ट्रपति ट्रंप द्वारा फंड में कटौती करने से पहले जैसी स्थिति थी, उसे फिर से बहाल किया जाए ताकि वो फिर से प्रसारण कर सके। न्यायाधीश लैम्बर्थ ने वकीलों की इस मांग पर सहमति जताई। उन्होंने ट्रंप प्रशासन को आदेश दिया कि VOA और अमेरिकी एजेंसी फॉर ग्लोबल मीडिया द्वारा संचालित दो स्वतंत्र प्रसारण नेटवर्क- रेडियो फ्री एशिया और मिडिल ईस्ट ब्रॉडकास्टिंग नेटवर्क को फिर बहाल किया जाए, जब तक कि इस मुकदमे का निपटारा नहीं हो जाता।