इस्लामबाद । पाकिस्तानी सेना के प्रवक्ता लेफ्टिनेंट जनरल अहमद शरीफ चौधरी ने रविवार को कहा कि पाकिस्तान, कभी भी भारत के आगे नहीं झुकेगा। उन्होंने कहा कि भारत, अमेरिका या इजराइल नहीं है और पाकिस्तान, अफगानिस्तान या फिलिस्तीन नहीं है। अनादोलु एजेंसी को दिए इंटरव्यू में सेना के प्रवक्ता ने दावा किया कि सीजफायर की अपील पहले भारत ने की थी, इसके बाद ही वे इसके लिए राजी हुए। प्रवक्ता चौधरी ने भारत को चेतावनी दी है कि अगर उसने पाकिस्तान की जल आपूर्ति रोकने की कोशिश की, तो भारत को इसके गंभीर परिणाम भुगतने होंगे जो दशकों तक महसूस किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान इस मामले में बहुत स्पष्ट है और इस पर सेना को कुछ और कहने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा-किसी को भी पाकिस्तान का पानी रोकने की हिम्मत नहीं करनी चाहिए। अगर ऐसा हुआ, तो पूरी दुनिया हमारी कार्रवाई को देखेगी। प्रवक्ता ने कहा कि भारत का यह कहना कि वे पाकिस्तान के 24 करोड़ लोगों का पानी रोक सकता है एक पागलपन भरा विचार है। भारत के पास ऐसा करने की हिम्मत नहीं है। चौधरी ने यह भी कहा कि पाकिस्तान शांति चाहता है, लेकिन अगर भारत ने उसकी संप्रभुता का उल्लंघन किया, तो पाकिस्तान तुरंत और निर्णायक जवाब देगा। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान और भारत दोनों परमाणु शक्तियां हैं और अगर कोई जंग शुरू होती है, तो यह पूरे क्षेत्र के लिए खतरनाक हो सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिका जैसे देश अब भारत के इरादों को समझते हैं।