नई दिल्ली। एनडीए सरकार के 11 साल पूरे होने पर सोमवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उपलब्धियां बताईं। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार का 11 साल का कार्यकाल जनसेवा के प्रति संकल्प, प्रयास और समर्पण का स्वर्णिम काल रहा। गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि नया भारत सुधार, प्रदर्शन और परिवर्तन की शक्ति के साथ विकास और आत्मनिर्भरता की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है। देशवासियों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाकर भारत को हर क्षेत्र में नंबर वन बनाने की यात्रा जारी रहेगी। केंद्रीय गृह मंत्री ने एक्स पर लिखा कि मोदी सरकार के ऐतिहासिक 11 वर्ष जनसेवा के प्रति संकल्प, प्रयास और समर्पण का स्वर्णिम काल रहे हैं। देश ने आर्थिक पुनरुद्धार, सामाजिक न्याय, सांस्कृतिक गौरव और राष्ट्रीय सुरक्षा का एक नया युग देखा है। अमित शाह ने कहा कि मोदी सरकार ने साबित कर दिया है कि जब नेतृत्व स्पष्ट हो, संकल्प दृढ़ हो और इरादा जनसेवा का हो तो सेवा, सुरक्षा और सुशासन के नए कीर्तिमान बनते हैं। जब प्रधानमंत्री मोदी ने 2014 में देश की बागडोर संभाली तो देश में नीतिगत निष्क्रियता थी। सरकार में कोई नीति, कोई नेतृत्व नहीं था। घोटाले चरम पर थे, अर्थव्यवस्था खस्ताहाल थी और शासन प्रणाली दिशाहीन थी। गृह मंत्री ने कहा कि सेवा के 11 सालों के दौरान न्यूनतम सरकार, अधिकतम शासन ने देश के विकास की गति और पैमाने को बदल दिया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी किसानों, महिलाओं, पिछड़ों, दलितों और हाशिए पर पड़े लोगों को शासन के केंद्र में लाए तथा तुष्टिकरण के बजाय सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास की कार्य संस्कृति बनाई।
वर्तमान की बात बंद कर अब 2047 के सपने दिखा रहा केंद्र: राहुल
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सोमवार को मोदी सरकार पर हमला बोला। राहुल ने एक्स पर पोस्ट में लिखा, ‘जब मोदी सरकार अपने 11 साल के ‘सेवा काल’ का जश्न मना रही है, तब देश की सच्चाई मुंबई से आ रही एक दुखद खबर में दिख रही है- कई लोग ट्रेन से गिरकर मर गए।’ उन्होंने लिखा, ‘मोदी सरकार के 11 साल- ना कोई जवाबदेही, ना कोई सुधार, सिर्फ प्रचार। सरकार ने 2025 की बात करना बंद कर दिया है और अब 2047 के सपने बेच रही है।’कांग्रेस नेता की यह टिप्पणी महाराष्ट्र के ठाणे जिले में चलती लोकल ट्रेन से गिरकर कम से कम चार यात्रियों की मौत के बाद आई है, जिसमें भीड़भाड़ के चलते छह लोग गिरकर घायल भी हो गए।