- सीएम ने अमित शाह और नड्डा से भी मुलाकात की, केन्द्रीय नेतृत्व के साथ बैठक के दौरान सीएम की भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष, मंत्रिमंडल और पुलिस महकमे में फेरबदल को लेकर मंथन की अटकलें
गांधीनगर/नई दिल्ली
गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल शनिवार देर शाम दिल्ली पहुंचे। मुख्यमंत्री अपने दिल्ली प्रवास के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं ने राज्य के विकास और कल्याणकारी योजनाओं पर चर्चा की। मुख्यमंत्री ने इस मुलाकात को ‘ऊर्जा से भरपूर’ बताया। उन्होंने कहा कि इस दौरान गुजरात के सर्वांगीण विकास के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा हुई। प्रधानमंत्री ने राज्य में उद्योग और सामाजिक क्षेत्र के विकास के लिए बहुमूल्य सुझाव दिए। इसके पश्चात मुख्यमंत्री ने केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा से मुलाकात की। राजनीतिक क्षेत्रों में चर्चा है कि केन्द्रीय नेतृत्व और मुख्यमंत्री के बीच हुई बैठकों के दौरान प्रदेश भाजपा के नए अध्यक्ष, मंत्रीमंडल में फेरबदल को लेकर चर्चा होने की अटकलें है। गौर हो कि प्रदेश भाजपा के नए अध्यक्ष को लेकर पिछले काफी समय से कई बैठकों का दौर और मंथन हो चुका है। वर्तमान में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सीआर पाटिल के स्थान पर नया अध्यक्ष लाने की कवायद इसलिए जरुरी हो गई है क्योंकि पाटिल केन्द्र में मंत्री पद संभाल रहे है। वहीं प्रदेश मंत्रीमंडल को लेकर भी सुगबुगाहट काफी दिनों से चल रही है। माना जा रहा है कि मंत्रीमंडल फेरबदल में नए एवं ऊर्जावान विधायकों को जिम्मेदारी मिल सकती है। संभावना जताई जा रही है कि यह सारे परिवर्तन और फेरबदल इसी सप्ताह हो सकते हैं। राजनीतिक बदलाव के साथ साथ पुलिस विभाग में भी काफी बदलाव देखने को मिल सकता है।अगस्त के पहले सप्ताह में भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष की घोषणा होने की संभावना है। मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष सी.आर. पाटिल का कार्यकाल पूरा हो गया है और पार्टी नए नेतृत्व की तलाश में है। नए अध्यक्ष की नियुक्ति से राज्य के राजनीतिक समीकरणों में बदलाव आ सकता है, क्योंकि 2024 के लोकसभा चुनावों के बाद पार्टी संगठन को नए सिरे से मजबूत करने पर जोर दिया जा रहा है। रक्षाबंधन के बाद मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के मंत्रिमंडल में भी फेरबदल होने की चर्चा जोरों पर है। माना जा रहा है कि कुछ मंत्रियों के विभाग बदले जा सकते हैं, जबकि कुछ नए चेहरों को भी मंत्रिमंडल में शामिल किया जा सकता है। यह फेरबदल आगामी विधानसभा चुनावों और राज्य की प्रशासनिक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए किया जा सकता है। अगस्त में पुलिस विभाग में भी हलचल देखने को मिलेगी। राज्य सरकार ने बड़े पैमाने पर IPS अधिकारियों के तबादलों की योजना बनाई है। इसके साथ ही, 30 अगस्त से पहले 100 से अधिक पुलिस निरीक्षकों (PI) का जिला-स्तरीय तबादला किया जाएगा। जन्माष्टमी से पहले, लगभग 30 से अधिक PI को पुलिस उपाधीक्षक (DySP) के पद पर पदोन्नति मिलने की भी उम्मीद है, जिससे पुलिस प्रशासन में नई ऊर्जा और दक्षता आएगी।
gujaratvaibhav.com

