नई दिल्ली: हॉकी इंडिया ने बिहार के राजगीर में होने वाले पुरुष एशिया कप 2025 के लिए 18 सदस्यीय भारतीय टीम की घोषणा कर दी है। टीम की कप्तानी अनुभवी ड्रैग-फ्लिकर हरमनप्रीत सिंह को सौंपी गई है। यह टूर्नामेंट 29 अगस्त से 7 सितंबर 2025 तक हाल ही में विकसित राजगीर हॉकी स्टेडियम में खेला जाएगा। भारतीय टीम को इस टूर्नामेंट में पूल ‘ए’ में रखा गया है, जहाँ उसका मुकाबला जापान, चीन और कजाखस्तान के साथ होगा। वहीं, पूल ‘बी’ में मलेशिया, कोरिया, बांग्लादेश और चीनी ताइपे की टीमें शामिल हैं। भारतीय टीम अपने अभियान की शुरुआत 29 अगस्त को चीन के खिलाफ करेगी। मुख्य कोच क्रेग फुल्टन ने टीम चयन पर कहा, “हमने एक अनुभवी टीम चुनी है। विश्व कप के लिए क्वालीफिकेशन दांव पर है, इसलिए यह टूर्नामेंट हमारे लिए बहुत महत्वपूर्ण है। हमें ऐसे खिलाड़ी चाहिए जो दबाव में अच्छा प्रदर्शन कर सकें।” टीम में गोलकीपिंग का जिम्मा कृष्ण बी पाठक और सूरज करकेरा पर होगा। डिफेंस में कप्तान हरमनप्रीत के साथ अमित रोहिदास, जरमनप्रीत सिंह, सुमित, संजय और जुगराज सिंह शामिल हैं। मिडफील्ड में मनप्रीत सिंह, विवेक सागर प्रसाद, राजिंदर सिंह, राज कुमार पाल और हार्दिक सिंह जैसे अनुभवी खिलाड़ी हैं। फॉरवर्ड लाइन की कमान मनदीप सिंह, अभिषेक, सुखजीत सिंह, शिलानंद लाकड़ा और दिलप्रीत सिंह संभालेंगे। नीलम संजीप सेस और सेल्वम कार्ति को रिजर्व खिलाड़ी के तौर पर रखा गया है। यह प्रतिष्ठित टूर्नामेंट अपने 12वें संस्करण में आयोजित हो रहा है। इसके विजेता को सीधे 2026 में नीदरलैंड और बेल्जियम द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित होने वाले FIH हॉकी विश्व कप के लिए सीधे जगह मिलेगी। यह भारत के लिए चौथी बार एशिया कप का खिताब जीतने और सीधे विश्व कप में जगह बनाने का एक बड़ा मौका है। हॉकी इंडिया ने इस आयोजन के लिए बिहार सरकार और बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के साथ मिलकर काम किया है, जिससे यह सुनिश्चित हो सके कि यह टूर्नामेंट सफलतापूर्वक आयोजित हो।

