ममता के पास सिर्फ रु.15 लाख अरुणाचल CM सबसे बड़े कर्जदार
नई दिल्ली। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू भारत के सबसे अमीर मुख्यमंत्री हैं। उनके पास 931 करोड़ रुपए से ज्यादा की संपत्ति है। देश के मौजूदा 30 मुख्यमंत्रियों के पास कुल 1632 करोड़ रुपए की संपत्ति है। इसका करीब 57% हिस्सा चंद्रबाबू के पास है।उनके पास 810 करोड़ रुपए की चल संपत्ति (कैश डिपॉजिट, जेवर आदि) और 121 करोड़ रुपए की अचल संपत्ति (मकान, जमीन आदि) है। चंद्रबाबू पर 10 करोड़ रुपए का कर्ज भी है।वहीं, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के पास सबसे कम संपत्ति है। उनके पास सिर्फ 15.38 लाख रुपए की चल संपत्ति है। ममता के पास किसी प्रकार की अचल संपत्ति नहीं है।चुनाव सुधार के लिए काम करने वाले NGO एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (ADR) और नेशनल इलेक्शन वॉच (NEW) की एक रिपोर्ट से इस बात की जानकारी मिली है।27 राज्य और तीन केंद्र शासित प्रदेशों के सभी मौजूदा 30 मुख्यमंत्रियों के हलफनामों का एनालिसिस करके यह रिपोर्ट तैयार की है। डेटा पिछला चुनाव लड़ने से पहले दायर हलफनामों से लिया गया है। मणिपुर में राष्ट्रपति शासन लागू है। 332 करोड़ रुपए की कुल संपत्ति के साथ अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू दूसरे सबसे अमीर CM नंबर पर हैं। उनके पास करीब 165 करोड़ रुपए की चल संपत्ति और 167 करोड़ रुपए की अचल संपत्ति है।हालांकि, खांडू कर्जदार मुख्यमंत्रियों की लिस्ट में सबसे ऊपर हैं। उनके ऊपर 180 करोड़ रुपए से ज्यादा की देनदारी है। कर्नाटक CM सिद्धारमैया तीसरे नंबर पर हैं। उनके पास 51 करोड़ रुपए की संपत्ति है। इसमें 21 करोड़ रुपए की चल संपत्ति और 30 करोड़ रुपए की अचल संपत्ति है।सबसे कम संपत्ति वाले अन्य मुख्यमंत्रियों में जम्मू-कश्मीर के CM उमर अब्दुल्ला दूसरे नंबर पर हैं। इनके पास भी सिर्फ 55.24 लाख रुपए की चल संपत्ति ही है। तीसरे नंबर पर केरल के CM पिनराई विजयन हैं। उनके पास 1.18 करोड़ रुपए की संपत्ति है। इसमें 31.8 लाख रुपए की चल और 86.95 रुपए की अचल संपत्ति है।

