मुंबई
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अपने बेटे ICC चेयरमैन जय शाह और परिवार के बाकी सदस्यों के साथ लालबागचा राजा में भगवान गणेश के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। इससे पहले वे महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के आवास पर पहुंचे। जहां उन्होंने भगवान गणेश की पूजा-अर्चना की। इस दौरान उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे भी मौजूद थे। वहीं, शाह के मुंबई प्रवास के दौरान भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े ने भी उनसे मुलाकात की। वे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मिलने मुंबई के सह्याद्री गेस्ट हाउस पहुंचे थे। पार्टी सूत्रों ने इस बारे में बताया। बता दें कि अमित शाह शुक्रवार रात शहर पहुंचे थे, जहां महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने उनका स्वागत किया। वहीं, शनिवार सुबह उन्होंने दक्षिण मुंबई स्थित राज्य सरकार के सह्याद्री गेस्ट हाउस में शिंदे से मुलाकात की। जहां उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के संयुक्त महासचिव अतुल लिमये, महाराष्ट्र भाजपा अध्यक्ष रवींद्र चव्हाण और नवनियुक्त मुंबई भाजपा अध्यक्ष अमीत साटम से भी बातचीत की।

