दिल्ली एयरपोर्ट पर 340 से ज्यादा फ्लाइट्स डिले, पूरे पंजाब में बाढ़, राहुल गांधी और कृषि मंत्री चौहान आज बाढ़ प्रभावित इलाकों में जाएंगे , हिमाचल : मंडी लैंडस्लाइड में 7 की मौत
नई दिल्ली। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान समेत पूरे उत्तर भारत में बुधवार को तेज बारिश के कारण नदियां उफान पर है। बाढ़ के कारण यहां जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार, इन राज्यों के कई हिस्सों में अगले 24 घंटे में तेज बारिश होने की आशंका है।दिल्ली-एनसीआर के कुछ हिस्सों में सुबह की बारिश के बाद पुराने रेलवे पुल पर यमुना का जलस्तर खतरे के निशान (205.33) से ज्यादा 207 मीटर तक पहुंच गया। दिल्ली एयरपोर्ट पर 340 से ज्यादा फ्लाइट्स डिले हुई हैं। फ्लाइट ट्रैकर एजेंसी फ्लाइटरडार24 के मुताबिक, शाम 5 बजे तक 273 उड़ानों का डिपार्चर और 73 उड़ानों का अराइवल देरी से हुआ।यमुना बाजार, ओल्ड उस्मानपुर, ओल्ड गढ़ी मेंडू, तिब्बती बाजार, मोनेस्ट्री मार्केट समेत निचले इलाकों में बाढ़ का पानी घरों में घुस गया है। अब तक 12 हजार लोग घर छोड़कर सुरक्षित जगहों पर जा चुके हैं। यूपी के गाजियाबाद में सड़कों पर घुटनों तक पानी भर गया। कारें आधी डूब गईं। 7 गांव बाढ़ की चपेट में हैं। कई जगह एक मंजिल तक घर डूब गए हैं। नोएडा में बुधवार दोपहर अंधेरा छा गया। यहां दोपहर को दो घंटे तेज बारिश हुई।पंजाब में बुधवार को भी तेज बारिश जारी है। 23 जिलों में बाढ़ जैसे हालात हैं। 1200 से ज्यादा गांवों में पानी भरा है। अब तक 30 लोगों की मौत हुई है। 3 लोग लापता हैं। सभी स्कूल-कॉलेजों को 7 सितंबर तक बंद करने का फैसला लिया गया है। बाढ़ से बेहाल इन इलाकों का जायजा लेने के लिए कल कांग्रेस नेता राहुल गांधी और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान अमृतसर पहुंच रहे हैं। हरियाणा में झज्जर, हिसार, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र और पंचकूला के कई हिस्सों में 3-5 फीट तक पानी भरा है। यहां के 200 से ज्यादा स्कूल बंद हैं। हिमाचल प्रदेश में रामपुर से शिमला आ रही प्राइवेट बस पर दोपहर तीन बजे पहाड़ी से बड़ी बड़ी चट्टानें गिर गई। इसमें 2 लोगों की मौत हो गई, जबकि 15 यात्री घायल है। वहीं, भारी बारिश से हो रहे नुकसान को देखते हुए सरकार ने 7 सितंबर तक सभी प्राइवेट और सरकारी शिक्षण संस्थानों में छुट्टी कर दी है। कुल्लू के अखाड़ा बाजार में देर रात लैंडस्लाइड की चपेट में आने से 2 घर गिर गए, जिसमें NDRF जवान समेत 2 लोग दब गए। इससे पहले, मंडी के सुंदरनगर में लैंडस्लाइड से 2 घरों के मलबे में दबने से 7 लोगों की मौत हो गई थी, जिनमें 4 एक ही परिवार के सदस्य थे।

