
चुराचांदपुर में रिलीफ कैंप पहुंचे, इंफाल में हिंसा पीड़ितों से मिले
51 KM की रेल लाइन से मिजोरम दिल्ली से जुड़ा ,PM ने उद्घाटन किया
इंफाल/चुराचांदपुर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को मणिपुर के चुराचांदपुर और इंफाल पहुंचे। उन्होंने चुराचांदपुर में ₹7,300 करोड़ औ इंफाल में ₹1,200 करोड़ से ज्यादा की विकास परियोजनाओं की शिलान्यास और उद्घाटन किया। मणिपुर में मई, 2023 में हिंसा भड़कने के बाद PM मोदी का यह पहला दौरा है।प्रधानमंत्री ने इंफाल में कहा- मणिपुर में किसी भी तरह की हिंसा दुर्भाग्यपूर्ण है। हमें राज्य को शांति और विकास के रास्ते पर लेकर जाना है।नचुराचांदपुर में PM ने कहा- मैं सभी संगठनों से शांति के रास्ते पर आगे बढ़ने की अपील करता हूं। मैं वादा करता हूं, मैं आपके साथ हूं।PM ने चुराचांदपुर और इंफाल में हिंसा पीड़ितों से भी बात की। चुराचांदपुर कुकी बहुल पहाड़ी इलाका है। इंफाल घाटी इलाका है और मैतेई समुदाय का गढ़ है। पिछले दो साल से, दोनों समुदायों की एक-दूसरे के इलाकों में आवाजाही बंद है। प्रधानमंत्री ने कहा- मणिपुर के अनेक संतानें देश के अलग-अलग हिस्सों में मां भारती की रक्षा में जुटे हुए हैं। मोदी ने कहा- मैंने साल 2014 में कहा था कि मणिपुर की संस्कृति के बिना भारत की संस्कृति और यहां के खिलाड़ियों के बिना भारत के खेल अधूरे हैं। मणिपुर का युवा, तिरंगे की शान के लिए तन-मन-धन से समर्पित युवा है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा- 21वीं सदी का यह समय नॉर्थ ईस्ट का है। इसलिए, भारत सरकार ने मणिपुर के विकास को निरंतर प्राथमिकता दी है। इसी का परिणाम है कि मणिपुर की विकास दर लगातार बढ़ रही है। 2014 से पहले, मणिपुर की विकास दर एक प्रतिशत से भी कम थी। अब, मणिपुर पहले से कई गुना तेजी से प्रगति कर रहा है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को मिजोरम की पहली रेल लाइन बैराबी-सायरंग का उद्घाटन किया। 51 KM लंबी बैराबी-सायरंग रेलवे लाइन के जरिए मिजोरम की दिल्ली, गुवाहाटी और कोलकाता से सीधी रेल कनेक्टिविटि हो गई है।इस रेलवे रूट में 45 सुरंग, 88 छोटे और 55 बड़े ब्रिज हैं। इसके अलावा 114 मीटर ऊंचा देश का दूसरा पियर ब्रिज भी है, जो कुतुब मिनार (72 मीटर) से भी ऊंचा है।पीएम ने कहा, ‘लंबे समय से हमारे देश की कुछ राजनीतिक पार्टियां वोट बैंक पॉलिटिक्स कर रही हैं। जिन्होंने मिजोरम को अनदेखा किया, लेकिन आज मिजोरम फ्रंटलाइन में हैं।’दरअसल, पीएम मोदी 2 दिन के नॉर्थ ईस्ट दौरे पर हैं। वे सुबह मिजोरम के आईजोल पहुंचे, यहां लेंगपुई एयरपोर्ट से ₹9000 करोड़ के प्रोजेक्ट का शिलान्यास किया। सायरंग से दिल्ली ट्रेन की वजह से अब यह राज्य राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से सीधे जुड़ गया है। यह ट्रेन हफ्ते में एक दिन चलेगी और 2510 किमी का सफर 45 घंटे 30 मिनट तय करेगी। सायरंग-कोलकाता ट्रेन सप्ताह में 3 दिन चलेगी। सायरंग-गुवाहाटी ट्रेन सायरंग से दिन में 12:30 बजे चलेगी। इसके साथ एक मालगाड़ी भी सायरंग से निकलेगी देश के दूसरे हिस्सों को जोड़ेगी।

