अहमदाबाद
एफटीएस (फ्रेंड्स ऑफ ट्राइबल सोसाइटी) महिला समिति, अहमदाबाद द्वारा ‘वनयात्रा’ कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। नवरात्रि के पावन पर्व पर आयोजित यह यात्रा ग्रामीण और वनवासी क्षेत्रों में गई, जहाँ कन्यापूजन, गरबा नृत्य, और विभिन्न सामाजिक गतिविधियाँ आयोजित की गईं।
कार्यक्रम की मुख्य गतिविधि 21 कन्याओं का पूजन था। समिति की सदस्यों ने इन कन्याओं को पारंपरिक तरीके से लाल चुनरी, चनिया चोली, जेवर और चूड़ियों से सजाया। पूजन के बाद कन्याओं के हाथों में मेहंदी लगाई गई और उन्हें स्वादिष्ट भोजन कराया गया। इस दौरान, सभी प्रतिभागियों ने गरबा नृत्य में अपनी ऊर्जा और उत्साह का प्रदर्शन किया, जिससे उत्सव का माहौल बन गया। समिति की अध्यक्षा विनीता डाड ने इस अवसर पर बताया कि एफटीएस ने अपने सामाजिक दायित्व को निभाते हुए 90 एकल विद्यालयों के 2700 बच्चों को क्लिपबोर्ड सहित अन्य शिक्षण सामग्री का वितरण किया। यह सामग्री बच्चों को उनकी रचनात्मकता को व्यक्त करने और उन्हें प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से प्रदान की गई। भोजन के बाद सभी के चेहरे पर संतोष और खुशी दिखाई दी। संस्थापक अध्यक्षा उर्मिला जी कालंत्री ने ‘वनयात्रा’ के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा, “वनयात्रा का उद्देश्य न केवल नवरात्रि का उत्सव मनाना था, बल्कि समाज के विभिन्न वर्गों को एकजुट करना और उनकी प्रतिभाओं को उजागर करना भी था।” इस ‘वनयात्रा’ में 8 महिला सदस्य शामिल हुईं। सचिव संगीता मानधनिया ने एफटीएस की सभी सदस्यों और आयोजन में सहयोग करने वाले सभी लोगों को धन्यवाद ज्ञापित किया, जिनके प्रयासों से यह कार्यक्रम सफल हो सका। महिला समिति की सदस्यों ने नवरात्रि कन्या पूजन और क्लिपबोर्ड वितरण के लिए दिल खोलकर धनराशि प्रकाशित (दान) की। यह सफल आयोजन एफटीएस महिला समिति की सामाजिक प्रतिबद्धता और उत्साह को दर्शाता है।

