अहमदाबाद
गुजरात और महाराष्ट्र के राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने गांधीनगर के कोबा स्थित प्रेक्षा विश्व भारती में आयोजित समारोह में समाज से नैतिक और प्राकृतिक जीवन जीने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भय, लज्जा या शंका पैदा करने वाले कार्य नहीं करने चाहिए। भगवान महावीर की अहिंसा पर आधारित जैन परंपरा सृष्टि के नियमों का पालन करने की प्रेरणा देती है। इस अवसर पर इंडिया टीवी के प्रधान संपादक और पद्मभूषण रजत शर्मा को 16वें आचार्य तुलसी सम्मान से सम्मानित किया गया। रजत शर्मा को उनकी स्वच्छ, संयमित और सकारात्मक पत्रकारिता के लिए सम्मान पत्र, मोमेंटो और एक लाख रुपये का पुरस्कार दिया गया। उन्होंने पुरस्कार राशि इंडिया टीवी ट्रस्ट को बच्चों की शिक्षा के लिए दान करने की घोषणा की। राज्यपाल ने कहा कि पत्रकारिता समाज निर्माण का पवित्र कार्य है, और रजत शर्मा की निर्भीकता, सत्य और निष्ठा समाज में सकारात्मकता फैलाती है। शर्मा ने राज्यपाल को प्राकृतिक खेती का कृषि ऋषि बताते हुए कहा कि यह सम्मान उन्हें कर्तव्य पथ पर अडिग रखेगा। समारोह में पूर्व सूचना आयुक्त उदय माहूरकर, प्रेक्षा विश्व भारती के भैरूलाल चौधरी और आचार्य तुलसी महाप्रज्ञ विचार मंच के राजकुमार पुगलिया उपस्थित रहे।

