रोहतक/कुरुक्षेत्र। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज (3 अक्टूबर) हरियाणा दौरे पर रहे। रोहतक में उन्होंने साबर डेयरी प्लांट का उद्घाटन किया। इसके बाद वह कुरुक्षेत्र पहुंचे। यहां उन्होंने 3 नए आपराधिक कानूनों पर आधारित प्रदर्शनी देखी। साथ ही 12 जिलों के 825 करोड़ के प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन व शिलान्यास भी किया।अमित शाह ने कहा- “पहले प्रदेश में यह होता था कि एक सरकार आती थी तो एक जिले का विकास होता था, और दूसरी सरकार आती थी तो दूसरे जिले का विकास होता था। भाजपा सरकार ने पूरे प्रदेश में समान रूप से विकास किया है। हरियाणा में नौकरियों की व्यवस्था को बर्बाद और बदनाम कर दिया था, लेकिन भाजपा ने यहां ‘पर्ची’ और ‘खर्ची’ दोनों सिस्टम को खत्म कर दिया।”
रोहतक में अमित शाह ने कहा कि 350 करोड़ रुपए की लागत से तैयार किया गया साबर डेयरी प्लांट देश का सबसे बड़ा दही, छाछ, योगर्ट और मिठाई उत्पादन केंद्र है। अब यहीं से पूरे NCR की जरूरतें पूरी होंगी। इससे आय बढ़ेगी। आने वाले समय में 75 हजार डेयरी समितियां बनाई जाएंगी। कुरुक्षेत्र में नए कानूनों की प्रदर्शनी देखने के बाद अमित शाह ने कहा कि आज पुलिस डंडे की जगह तथ्यों पर काम कर रही है। देश छोड़कर भागने वाले अपराधियों भले ही विदेश में हों, उनकी अनुपस्थिति में भी ट्रायल चलेगी और सजा मिलेगी। नए कानूनों के तहत एक वर्ष में लगभग 53% मामलों में 60 दिन के अंदर चार्जशीट दाखिल हुई है। हरियाणा में 71% चार्जशीट और चालान सात दिनों में हो चुके हैं।शाह ने कहा कि प्रदर्शनी को जरूर देखना चाहिए। हमारी जनता के मन में एक छवि बनी है कि थाने में जाएंगे तो कई सालों तक न्याय नहीं मिलेगा, लेकिन 2026 के बाद जो भी FIR दर्ज होगी, उसमें 3 साल में न्याय जरूर मिलेगा। हत्या के जुर्म में 112 दिनों में सजा मिल जाएगी। पहले के कानून अंग्रेजों ने बनाए थे, उस समय उनका उद्देश्य अपनी सत्ता बनाए रखना था। 15 अगस्त 1947 में आजादी तो मिल गई, लेकिन ब्रिटिश कानूनों से आजादी नहीं मिली।” अमित शाह ने कहा, “मैं हरियाणा की जनता को मोदी जी की दो बातें भी बताता हूं। एक तो मोदी जी ने दीपावली से पहले ही जीएसटी में बहुत सारे बदलाव कर 395 चीजों के रेट कम करके बदलाव किया है। ये बहुत बड़ा तोहफा है, जिसके कारण नवरात्रि में ढेर सारी खरीददारी दर्ज की गई है।दूसरी बात उन्होंने कही है कि भारत के हर घर, हर उपभोक्ता को यह तय करना है कि वह स्वदेशी ही खरीदें। स्वदेशी का मंत्र महात्मा गांधी ने आजादी के आंदोलन में दिया था। उस आंदोलन के जरिए उन्होंने अंग्रेजों को कड़ी चेतावनी भी दी थी। आज हमारे देश के प्रधानमंत्री ने स्वदेशी का जो नारा दिया है, वह 2047 में महान भारत बनाकर ही दम लेगा। अगर हम हर चीज हमारे देश में बनी चीजें खरीदें तो यह दुनिया का बड़ा बाजार बन जाएगा। gujaratvaibhav.com

