इस्लामाबाद। पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने कहा कि बिहार चुनाव की वजह से भारत भड़काऊ कार्रवाई कर रहा है। उन्होंने यह बयान पाकिस्तानी न्यूज चैनल समा टीवी पर बुधवार को दिया।ख्वाजा आसिफ ने कहा कि मई में भारत के खिलाफ पाकिस्तान की सैन्य कार्रवाई से मोदी की लोकप्रियता घटी है। मोदी के समर्थक भी अब उनकी आलोचना कर रहे हैं। आसिफ ने संघर्ष के दौरान 6 भारतीय फाइटर जेट्स मार गिराने का दावा किया। आसिफ ने दावा किया कि पहले जो देश भारत-पाकिस्तान संघर्ष के दौरान न्यूट्रल रहते थे, वे अब हमारे खेमे में शामिल हो गए हैं और जो भारत का समर्थन कर रहे थे, वे अब चुप हैं। यह बात भारत को सालों तक परेशान करेगी। उन्होंने यह भी कहा कि भारत सिर्फ औरंगजेब के समय ही एकजुट था। इतिहास बताता है कि औरंगजेब की हुकूमत के अलावा भारत कभी पूरी तरह एकजुट नहीं रहा। पाकिस्तान अल्लाह के नाम पर बना है। हम घर में आपस में लड़ते हैं, लेकिन भारत से लड़ाई होने पर एक हो जाते हैं।

