अहमदाबाद
माहेश्वरी समाज के माहेश्वरी सखी संगठन अहमदाबाद द्वारा गत दिवस थलतेज कम्युनिटी हॉल में ‘रिश्ते वही सोच नई’ विषय पर एक प्रेरणादायक और मनोरंजक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। शादियों के इस सीज़न में, जहाँ नए रिश्ते जुड़ते हैं, वहीं इस कार्यक्रम का उद्देश्य था कि कैसे समय के साथ चलकर इन रिश्तों में नयापन और मधुरता लाई जा सके। इस आयोजन में लगभग 100 सखियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और शाम 2:30 बजे से 5:30 बजे तक कई रचनात्मक गतिविधियों का आनंद लिया।
संगठन ने आज की पीढ़ी की रुचि को ध्यान में रखते हुए रिश्तों पर रील बनाओ और रिश्तों पर कविता और चुटकुले सुनाओ जैसी गतिविधियाँ आयोजित कीं। कार्यक्रम की शुरुआत महेश वंदना से हुई, जिसके बाद अध्यक्ष निक्की राठी ने सभी सखियों का स्वागत किया और संगठन के आगामी कार्यक्रमों की जानकारी दी। कार्यक्रम का संचालन उमा माहेश्वरी ने कुशलतापूर्वक किया।
सचिव सुमन काबरा और भाग्यश्री ने विभिन्न रोचक खेल खिलाए। रिश्तों के नाम पर टंग ट्विस्टर्स बोलने के लिए दिए गए, जिसका सभी सखियों ने खूब आनंद लिया। इसके अलावा, चिट निकालकर पहेली के रूप में ‘रिश्ता पहचानो’ जैसे खेल भी खेले गए और सामूहिक रूप से गीत गाए गए।
संगठन से वर्ष 2024 और 2025 में जुड़ी लगभग 75 नई सखियों का परिचय करवाया गया। इस सफल आयोजन में संगठन की संरक्षक सदस्या इंदिरा राठी, पूर्व अध्यक्ष सुशीला माहेश्वरी, मीना मूंदड़ा, अनुराधा अजमेरा, सचिव सुमन काबरा, कोषाध्यक्ष सविता जैसलमेरिया, प्रचार प्रसार मंत्री जया जेठा और सभी समिति सदस्यों की विशेष उपस्थिति रहीं।

