नई दिल्ली
देश के उत्तर और पूर्वी राज्यों में सर्दी लगातार बढ़ रही है। मौसम विभाग (आईएमडी) के मुताबिक कश्मीर, हिमाचल, झारखंड, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में तापमान सामान्य से नीचे बना हुआ है। झारखंड, पंजाब, हरियाणा और पूर्वी राजस्थान के कुछ इलाकों में शीत लहर का अलर्ट जारी किया गया है। कई राज्यों में पारा 0 से 10 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जबकि पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी और मैदानी इलाकों में कोहरे की संभावना बढ़ गई है। कश्मीर घाटी इन दिनों भीषण ठंड की गिरफ्त में है। श्रीनगर में बृहस्पतिवार को न्यूनतम तापमान -4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम का सबसे ठंडा सुबहों में से एक है। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते हिमाचल प्रदेश में शुक्रवार को किन्नौर, लाहौल-स्पीति, कुल्लू, चंबा और कांगड़ा के ऊंचे क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी की संभावना है।

