गांधीनगर । गांधीनगर में रविवार को स्थित वायुशक्ति नगर के ‘ नीलांबर’ नामक विशाल ऑडिटोरियम में भारतीय सेना के वीरों के मध्य रजनी धीमान के कविता संग्रह ‘मेरे सैनिक तुम्हें नमन’ का विमोचन एयर मार्शल नागेश कपूर के कर कमलों द्वारा हुआ। अवसर था ‘फ्लाइंग ऑफीसर्स निर्मल जीत सिंह शेखों परम वीर चक्र- नवां वार्षिक स्मृति व्याख्यान’ जो इंडियन एयरफोर्स ऑफीसर्स एसोसिएशन-गुजरात शाखा द्वारा आयोजित किया गया था। इस वर्ष व्याख्यान का विषय था ‘ऑपरेशन सिंदूर’ तथा वक्ता थे लेफ्टिनेंट जनरल दुष्यंत सिंह तथा एयर वाइस मार्शल अनिल गोलानी। दर्शकों में सेवारत तथा पूर्व सैनिक और अधिकारियों के साथ उनके परिजन और कुछ विद्यार्थी थे जो बड़ी तत्परता और उत्सुकता से सेना के कारनामों को सुन रहे थे। व्याख्यानों में ऑपरेशन सिंदूर के महत्व और भारत के भावी खतरों के प्रति भारतीय सेना और देश की जिम्मेदारियों के प्रति सबको जागरूक किया गया। रजनी धीमान की पुस्तक ‘मेरे सैनिक तुम्हें नमन’ जिसका विमोचन हुआ, सैनिकों के जीवन के विभिन्न पहलुओं को मार्मिकता के साथ बयान करती कविताओं का संग्रह है। जब रजनी धीमान ने इस पुस्तक से कविता का पाठ किया तो सब भाव विभोर हो गए। एयर मार्शल नागेश कपूर रजनी धीमान के काव्य पाठ से विशेष प्रभावित हुए। रजनी धीमान का यह दूसरा कविता संग्रह है। इससे पूर्व इनका कविता संग्रह ‘बेटी हिंदुस्तान की’ प्रकाशित , चर्चित और पुरस्कृत हो चुका है।

