पीएम मोदी ने भी हादसे पर दुख जताया
चित्रदुर्ग/ चैन्नई
कर्नाटक के चित्रदुर्ग में बुधवार देर रात स्लीपर बस में टक्कर के बाद आग लग गई। हादसे में बस में सवार 10 से ज्यादा लोग जिंदा जल गए। हालांकि कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में यह आंकड़ा 12 और 17 बताया जा रहा है। हादसा NH48 पर हिरियूर तालुक में हुआ। बस बेंगलुरु से गोकर्ण जा रही थी। रिपोर्ट्स के मुताबिक बस में 30 से ज्यादा यात्री थे।प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि रात 2.30 बजे तेज रफ्तार लॉरी डिवाइडर तोड़कर दूसरी तरफ से जा रही प्राइवेट कंपनी की सीबर्ड ट्रांसपोर्ट की बस से टकरा गई। बस में तुरंत आग लग गई। उस समय यात्री सो रहे थे। इस कारण उन्हें खुद को बचाने का मौका नहीं मिला।पुलिस का कहना है कि ज्यादातर यात्रियों ने टिकट ऑनलाइन बुक किए थे। इससे पुलिस को उनके फोन नंबर मिल गए हैं। उनके परिवारों से संपर्क करने की कोशिश की जा रही है। जले हुए शवों की पहचान के लिए DNA टेस्ट करवाया जाएगा।पीएम मोदी ने भी हादसे पर दुख जताया है। वहीं, मृतकों के परिजन को 2-2 लाख और घायलों को 50-50 हजार रुपए देने का ऐलान किया है। तमिलनाडु के कडलूर जिले में बुधवार रात सड़क हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि 4 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि तिरुचिरापल्ली से चेन्नई जा रही रोडवेज बस का स्टेट हाईवे पर टायर फट गया था।बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ती हुई दूसरी लेन में चली गई और सामने से आ रहीं 2 कारों को कुचल दिया। दोनों कारें बस के नीचे फंसकर पूरी तरह चकनाचूर हो गईं। हादसे में दोनों कारों में सवार 7 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी। जबकि 2 लोगों की इलाज के दौरान मौत हुई। पुलिस के मुताबिक, मृतकों में 5 पुरुष और 4 महिलाएं शामिल हैं। 4 घायलों का इलाज जारी है, इनमें 2 बच्चे भी शामिल हैं।हादसे की सूचना मिलते ही तित्ताकुडी और रामनाथम पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से फंसे लोगों को बाहर निकाला। घायलों को तित्ताकुडी और पेरंबलूर के सरकारी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।हादसे के कारण चेन्नई-तिरुचि नेशनल हाईवे पर कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया। करीब दो घंटे बाद क्रेन से वाहन हटाकर यातायात चालू किया गया। मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने इस हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। सीएम ने मुख्यमंत्री राहत कोष से मृतकों के परिवारों को 3-3 लाख रुपए देने का ऐलान किया है। घायलों को 1-1 लाख रुपए की आर्थिक मदद दी जाएगी।

