कोपेनहेगन। ग्रीनलैंड पर कब्जा करने के अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के बयान का डेनमार्क और ग्रीनलैंड दोनों ने कड़ा विरोध किया है और विनाशकारी परिणामों की चेतावनी दी है। डेनिश प्रधानमंत्री मेटे फ्रेडरिक्सन ने कहा है कि ग्रीनलैंड पर अमेरिकी कब्जे से नाटो (NATO) सैन्य गठबंधन का अंत हो जाएगा। ग्रीनलैंड के प्रधानमंत्री जेन्स फ्रेडरिक नीलसन ने कहा कि ग्रीनलैंड की तुलना वेनेजुएला से नहीं की जा सकती। वेनेजुएला में अमेरिकी सैन्य ऑपरेशन के बाद डेनमार्क और ग्रीनलैंड दोनों की चिंता बढ़ गई है। ग्रीनलैंड, डेनमार्क का एक अर्ध-स्वायत्त क्षेत्र है और इसलिए नाटो का सदस्य भी है। ग्रीनलैंड के प्रधानमंत्री ने आगे कहा कि यदि अमेरिका किसी अन्य नाटो देश पर सैन्य हमला करेगा, तो सब कुछ खत्म हो जाएगा। इसमें नाटो गठबंधन और दूसरे विश्व युद्ध के बाद से दी जा रही सुरक्षा भी शामिल है। स्थिति ऐसी नहीं है कि अमेरिका आसानी से ग्रीनलैंड को जीत सके। ग्रीनलैंड पर कब्जा करने की ट्रम्प की धमकी का फ्रांस, जर्मनी, इटली, पोलैंड, स्पेन और ब्रिटेन सहित यूरोपीय नेताओं ने विरोध किया है। इन देशों के नेताओं ने एक बयान जारी कर ग्रीनलैंड की संप्रभुता का समर्थन किया और डेनिश प्रधानमंत्री फ्रेडरिक्सन के प्रति अपनी एकजुटता व्यक्त की है।

