- युवराज जयवीरराजसिंह ने किया शुभारंभ
भावनगर । विज्ञापन और व्यावसायिक क्षेत्र की शहर की जानी-मानी संस्था ‘विवेक एडवरटाइजर्स’ ने अपने 47 वर्षों के गौरवशाली सफर को एक नई ऊँचाई प्रदान करते हुए अपने नए आधुनिक कार्यालय का भव्य शुभारंभ किया है। महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर वाघावाड़ी रोड स्थित ‘कॉन्कॉर्ड स्काय’ में आयोजित इस गरिमामयी समारोह के मुख्य अतिथि भावनगर के युवराज जयवीरराजसिंह गोहिल रहे, जिनके कर-कमलों द्वारा नए कार्यालय का विधिवत उद्घाटन किया गया। 12 जुलाई 1979 को एक छोटे से विज्ञापन से शुरू हुई इस संस्था का सफर आज भरत शाह के नेतृत्व में एक विशाल वटवृक्ष का रूप ले चुका है। संस्था के विकास क्रम पर प्रकाश डालते हुए संचालकों ने बताया कि 1998 में विवेक शाह और धीरेंद्र शाह के जुड़ने से कार्य को नई गति मिली और वर्ष 2004 व 2012 के विस्तार के बाद अब 2026 में टीम ने सर्व-सुविधायुक्त एवं अत्याधुनिक परिसर में प्रवेश किया है। इस अवसर पर संचालक भरत शाह और विवेक शाह ने अपनी सफलता का श्रेय मार्गदर्शक स्व. दीपकभाई शाह एवं स्व. नयनाबेन शाह के आशीर्वाद और ग्राहकों के अटूट विश्वास को दिया। उद्घाटन समारोह के दौरान शहर के गणमान्य नागरिकों और शुभचिंतकों ने बड़ी संख्या में उपस्थित होकर संस्था के इस ‘नवप्रस्थान’ पर अपनी शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
