अहमदाबाद ।अहमदाबाद नगर निगम (AMC) के बजट सत्र में आज उस समय भारी हंगामा देखने को मिला जब वरिष्ठ नगर पार्षद इकबाल शेख ने वाडीलाल साराभाई (वी.एस.) अस्पताल की बदहाली को लेकर सत्ताधारी पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए। स्टैंडिंग कमेटी के चेयरमैन द्वारा जब अस्पताल का बजट पेश किया जा रहा था, तब शेख ने इसे गरीबों के साथ धोखा करार देते हुए सदन से वॉकआउट कर दिया। इकबाल शेख ने बजट के आंकड़ों पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि वर्ष 2025-26 के लिए रु.257.59 करोड़ और वर्ष 2026-27 के लिए रु. 2012.57 करोड़ के भारी-भरकम आंकड़े केवल कागजों पर दिखाने के लिए हैं। उन्होंने सत्ताधारी तंत्र से सीधा सवाल पूछा, “जब करोड़ों का बजट मंजूर होता है, तो अहमदाबाद के गरीब मरीजों को इलाज क्यों नहीं मिलता? आखिर क्यों वी.एस. अस्पताल को जानबूझकर खोखला बनाया जा रहा है?”उन्होंने आरोप लगाया कि ऐतिहासिक वी.एस. अस्पताल, जो कभी गरीबों की जीवन रेखा था, आज केवल वेतन, पेंशन और अनुबंधों (Contracts) के प्रबंधन तक सीमित रह गया है। अस्पताल में एक भी सुपर स्पेशियलिटी विभाग कार्यरत नहीं है। गायनेक, ऑर्थोपेडिक और पीडियाट्रिक जैसे गंभीर विभागों के मरीजों को सीधे एस.वी.पी. (SVP) अस्पताल रेफर कर दिया जाता है। बजट को गरीबों के साथ धोखा करार देते हुए सदन उन्होंने से वॉकआउट कर दिया।
